अजमेर की 10 पंचायत समितियों में आज होगा प्रधान का चुनाव: भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला

अजमेर की 10 पंचायत समितियों में आज होगा प्रधान का चुनाव: भाजपा-कांग्रेस के बीच मुकाबला
Spread the love

अजमेर। अजमेर जिले की 10 पंचायत समितियों में प्रधान एवं उप प्रधान पद के लिए शुक्रवार (27 नवंबर) को चुनाव होंगे। जिला परिषद में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख के चुनाव के बाद अब सभी की नजरें पंचायत समितियों के प्रधान चुनाव पर टिकी हैं। चुनाव प्रक्रिया सुबह 10 बजे से शुरू होगी। नामांकन, नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी के बाद आवश्यकता होने पर मतदान कराया जाएगा। मतदान के तुरंत बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

पंचायत समिति चुनाव के नतीजों के अनुसार जिले में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला देखने को मिलेगा। भाजपा ने बड़ल्या, केकड़ी, श्रीनगर और सरवाड़ में स्पष्ट बहुमत हासिल किया है। वहीं कांग्रेस को अजमेर ग्रामीण, भिनाय, पीसांगन और सावर में स्पष्ट बहुमत मिला है।

सिलोरा पंचायत समिति में भाजपा 13 सीटों के साथ सबसे बड़े दल के रूप में है, लेकिन 27 सदस्यीय समिति में उसे पूर्ण बहुमत नहीं मिला है। यहां आरएलपी के 8 और कांग्रेस के 6 सदस्य हैं। दूसरी ओर अरांई में भाजपा और कांग्रेस दोनों को 6-6 सीटें मिली हैं, जबकि आरएलपी के 5 सदस्य हैं। ऐसे में अरांई में प्रधान चुनाव के दौरान अन्य सदस्यों की भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।

पंचायत समितिवार चुनावी गणित

  • अजमेर ग्रामीण: कांग्रेस 11, भाजपा 8
  • केकड़ी: भाजपा 8, कांग्रेस 7
  • सिलोरा: भाजपा 13, आरएलपी 8, कांग्रेस 6
  • श्रीनगर: भाजपा 10, कांग्रेस 8, आरएलपी 1
  • भिनाय: कांग्रेस 10, भाजपा 9
  • पीसांगन: कांग्रेस 12, भाजपा 5
  • अरांई: भाजपा 6, कांग्रेस 6, आरएलपी 5
  • बड़ल्या: भाजपा 14, कांग्रेस 2, आरएलपी 1
  • सरवाड़: भाजपा 9, कांग्रेस 6
  • सावर: कांग्रेस 12, भाजपा 1, आरएलपी 2

सुबह 10 बजे से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया

जारी चुनाव कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10 बजे बैठक होगी। सुबह 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे नामांकन पत्रों की जांच होगी। दोपहर 1 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे।

आवश्यकता होने पर दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

पंचायत समितियों के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त

अजमेर जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु ने पंचायत समितियों के प्रधान एवं उप प्रधान चुनाव के लिए रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए हैं।

सिलोरा के लिए किशनगढ़ उपखंड अधिकारी, अरांई के लिए अरांई उपखंड अधिकारी, अजमेर ग्रामीण के लिए पुष्कर उपखंड अधिकारी तथा बड़ल्या के लिए सहायक कलक्टर मुख्यालय अजमेर को रिटर्निंग अधिकारी लगाया गया है।

इसी प्रकार श्रीनगर के लिए नसीराबाद, पीसांगन के लिए पीसांगन, सावर के लिए सावर, सरवाड़ के लिए सरवाड़, केकड़ी के लिए केकड़ी तथा भिनाय के लिए भिनाय के उपखंड अधिकारी एवं उपखंड मजिस्ट्रेट को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है।

जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पद भाजपा के खाते में

अजमेर जिला परिषद में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर भाजपा ने जीत दर्ज की है।

25 नवंबर को हुए जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा की पूजा भंसाली ने कांग्रेस की दशरथ कंवर को 10 मतों से हराया था। पूजा भंसाली को 21 और दशरथ कंवर को 11 मत मिले थे।

वहीं 26 नवंबर को हुए उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा की सुनीता लांबा ने कांग्रेस की रजिया को 9 मतों से पराजित किया। सुनीता लांबा को 21 और रजिया को 12 मत मिले थे।

अब शुक्रवार को होने वाले पंचायत समिति प्रधान एवं उप प्रधान चुनाव के परिणामों से जिले की ग्रामीण राजनीति में पंचायत स्तर पर नेतृत्व की तस्वीर साफ होगी।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *