जिला प्रमुख का टिकट नहीं मिलने से कैलाश लांबा नाराज!, बोले- शत्रुघ्न गौतम ने CM से बात होने का दिया था भरोसा
अजमेर। अजमेर जिला परिषद में जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर भाजपा की जीत के बाद अब पार्टी के भीतर की नाराजगी सामने आने लगी है। पूर्व मंत्री एवं किसान नेता सांवरलाल जाट के बेटे कैलाश लांबा ने जिला प्रमुख का पद नहीं मिलने पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उनकी पत्नी सुनीता लांबा उप जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं, लेकिन कैलाश का कहना है कि उन्होंने पत्नी को जिला प्रमुख बनाने के भरोसे पर चुनाव लड़ाया था।
कैलाश लांबा ने दावा किया कि केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने उन्हें चुनाव लड़ने के लिए कहा था और भरोसा दिलाया था कि उन्हें जिला प्रमुख बनाया जाएगा। कैलाश के मुताबिक विधायक ने कहा था, ‘आप चुनाव लड़िए, मैं आपको जिला प्रमुख बनवाऊंगा। मुख्यमंत्री जी से मेरी बात हो गई है।’
कैलाश ने कहा कि अब वह विधायक शत्रुघ्न गौतम से पूछेंगे कि उनसे जो वादा किया गया था, उसका क्या हुआ।
पत्नी की दावेदारी नहीं, खुद जिला प्रमुख बनना चाहते थे कैलाश
कैलाश लांबा के अनुसार सुनीता लांबा की चुनाव लड़ने में व्यक्तिगत राजनीतिक महत्वाकांक्षा नहीं थी। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के आग्रह पर उन्होंने चुनाव लड़ा था। कैलाश का दावा है कि उन्हें वार्ड नंबर 9 से चुनाव लड़ने का प्रस्ताव भी मिला था, लेकिन शत्रुघ्न गौतम ने उन्हें जिला प्रमुख का दावेदार बताते हुए चुनाव लड़ने के लिए कहा।
उन्होंने कहा कि जिस सीट से उनकी पत्नी ने चुनाव लड़ा, वहां भाजपा की जीत आसान नहीं थी। उन्होंने जोखिम लेकर चुनाव लड़ाया और अब जिला प्रमुख नहीं बनाए जाने पर उन्हें स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए था।
एक परिवार से दो पद नहीं मिलने के तर्क पर उठाए सवाल
जिला प्रमुख पद पर एक ही परिवार के दो सदस्यों को जिम्मेदारी नहीं देने के तर्क पर भी कैलाश ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि वह पिछले छह वर्षों से भाजपा में सक्रिय हैं और भाजपा जिला देहात के उपाध्यक्ष हैं।
उन्होंने भागीरथ चौधरी, रामस्वरूप लांबा, शत्रुघ्न गौतम और वीरेंद्र कानावत के चुनावों में काम करने का भी दावा किया। कैलाश के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के कार्यकर्ताओं की इच्छा थी कि सांवरलाल जाट की राजनीतिक विरासत को देखते हुए परिवार को जिला प्रमुख की जिम्मेदारी मिले। इसी कारण बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सुनीता लांबा के समर्थन में अजमेर पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री का आया फोन, सीएम हाउस बुलाया
कैलाश लांबा ने जिला प्रमुख का फैसला आने के बाद मुख्यमंत्री से हुई बातचीत का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का फोन आया था और उन्हें नाराज नहीं होने की बात कहते हुए सीएम हाउस बुलाया गया। इस दौरान सुनीता लांबा की भी मुख्यमंत्री से बात कराई गई।
हालांकि कैलाश ने इसे मुख्यमंत्री का हस्तक्षेप मानने से इनकार किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने औपचारिक रूप से पार्टी के लिए उनकी सक्रियता की जानकारी होने और बैठकर गिले-शिकवे दूर करने की बात कही थी।
पूजा भंसाली को सहयोग देंगे कैलाश
नाराजगी के बावजूद कैलाश लांबा ने पार्टी के फैसले को स्वीकार करने की बात कही। जिला प्रमुख पूजा भंसाली को सहयोग देने के सवाल पर उन्होंने कहा कि गांवों और किसानों के विकास के काम में वह पूजा भंसाली के साथ रहेंगे।
उन्होंने कहा, ‘गांव का विकास होगा तो सहयोग करेंगे, नहीं होगा तो हम बात भी करेंगे।’
शत्रुघ्न गौतम बोले- सामूहिक रूप से किया गया प्रयास
कैलाश लांबा के आरोपों पर केकड़ी विधायक शत्रुघ्न गौतम ने कहा कि जिला प्रमुख बनाने का निर्णय वह अकेले नहीं कर सकते थे। उन्होंने बताया कि इस संबंध में सामूहिक रूप से प्रयास किए गए थे और उनके भाई ने भी प्रयास किया था।
गौतम ने कहा कि पद की इच्छा सभी के मन में रहती है, लेकिन भाजपा में पहले से कुछ भी तय नहीं होता। जिला प्रमुख की सीट सामान्य वर्ग की थी और अब जिला प्रमुख का चुनाव हो चुका है। उन्होंने कहा कि पार्टी का निर्णय सर्वोपरि है।