पंचायत चुनाव 2026: भाजपा ने सात संभागों में चुनाव संचालन समितियां बनाईं

पंचायत चुनाव 2026: भाजपा ने सात संभागों में चुनाव संचालन समितियां बनाईं
Spread the love

अजमेर संभाग में अरुण चतुर्वेदी, देवजी भाई पटेल और लालचंद कटारिया को मिली चुनावी जिम्मेदारी

जयपुर। राजस्थान में प्रस्तावित पंचायत चुनाव 2026 को लेकर राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश के सात संभागों के लिए चुनाव संचालन समितियों का गठन किया है। पार्टी की ओर से संभागवार जिम्मेदारियां तय कर नेताओं को चुनावी समन्वय का दायित्व सौंपा गया है।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ के निर्देश पर प्रदेश महामंत्री एवं पार्टी मुख्यालय प्रभारी श्रवण सिंह बगड़ी ने शनिवार को इन समितियों की सूची जारी की।

जारी सूची के मुताबिक जयपुर संभाग में राजस्थान धरोहर प्राधिकरण बोर्ड के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत, राज्यसभा सांसद डॉ. अलका गुर्जर और पूर्व विधायक शंकर सिंह राजपुरोहित को जिम्मेदारी दी गई है।

जोधपुर संभाग में किसान आयोग के अध्यक्ष सीआर चौधरी, प्रदेश संयोजक (सहकारिता प्रकोष्ठ) प्रमोद सामर तथा पूर्व प्रदेशाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा चंपालाल गेदर को समिति में शामिल किया गया है।

इसी तरह उदयपुर संभाग की जिम्मेदारी पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, पूर्व सांसद नारायण पंचारिया और पूर्व कोटा शहर जिलाध्यक्ष हेमंत विजय को सौंपी गई है।

कोटा संभाग में प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, लघु उद्योग विकास बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष मेघराज लोहिया तथा प्रदेशाध्यक्ष ओबीसी मोर्चा डॉ. महेंद्र कुमावत को चुनाव संचालन समिति में स्थान दिया गया है।

बीकानेर संभाग में जोधपुर नगर निगम के महापौर प्रसन्न चंद मेहता, पूर्व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी और पूर्व महापौर राजेंद्र कुमार गहलोत को जिम्मेदारी मिली है।

वहीं भरतपुर संभाग में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी, पूर्व विधायक हेमराज मीणा और प्रदेश उपाध्यक्ष छगन माहुर को चुनावी दायित्व सौंपा गया है।

अजमेर संभाग की जिम्मेदारी तीन नेताओं को

अजमेर संभाग में वित्त आयोग के अध्यक्ष अरुण चतुर्वेदी, पूर्व सांसद देवजी भाई पटेल और पूर्व मंत्री लालचंद कटारिया को चुनाव संचालन की जिम्मेदारी दी गई है। पार्टी की ओर से गठित इन समितियों के जरिए संभाग स्तर पर पंचायत चुनाव से जुड़ी तैयारियों और संगठनात्मक गतिविधियों में समन्वय किया जाएगा।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *