PM आवास की किस्त जारी करने के नाम पर 4,500 रुपये की रिश्वत लेते VDO सपना गुर्जर गिरफ्तार, ACB की ट्रैप कार्रवाई

PM आवास की किस्त जारी करने के नाम पर 4,500 रुपये की रिश्वत लेते VDO सपना गुर्जर गिरफ्तार, ACB की ट्रैप कार्रवाई
Spread the love

बालोतरा। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने प्रधानमंत्री आवास योजना की अंतिम किस्त जारी कराने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में ग्राम विकास अधिकारी (VDO) सपना गुर्जर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को 4,500 रुपये की रिश्वत लेते हुए ट्रैप कार्रवाई में पकड़ा गया।

जानकारी के अनुसार मामला बालोतरा जिले की धोरीमन्ना पंचायत समिति के जुनाखेड़ा ग्राम पंचायत का है। परिवादी ने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी पत्नी के नाम स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास योजना की तीसरी एवं अंतिम 60 हजार रुपये की किस्त जारी कराने के लिए आवश्यक जियो-टैगिंग और ऑनलाइन प्रक्रिया के बदले ग्राम विकास अधिकारी 5,000 रुपये की रिश्वत मांग रही है।

शिकायत का सत्यापन करने के बाद एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। कार्रवाई के दौरान ग्राम विकास अधिकारी सपना गुर्जर को उसके निजी आवास पर 4,500 रुपये की रिश्वत स्वीकार करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया।

एसीबी निरीक्षक देवाराम चौधरी के नेतृत्व में कार्रवाई पूरी होने के बाद आरोपी को धोरीमन्ना थाने लाया गया, जहां प्रारंभिक पूछताछ की गई। इसके बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

एसीबी अब यह भी जांच कर रही है कि प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्य लाभार्थियों से भी इसी प्रकार अवैध राशि वसूली गई थी या नहीं। यदि जांच में ऐसे तथ्य सामने आते हैं तो मामले में अन्य धाराएं और आरोपी भी जोड़े जा सकते हैं।

सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से एसीबी ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तुरंत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो को दें।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *