भीनाय में कांग्रेस की रिंका गुर्जर बनी प्रधान, भाजपा को 5 वोटों से हराया
भीनाय में कांग्रेस की रिंका गुर्जर बनी प्रधान, भाजपा को 5 वोटों से हराया
भाजपा में क्रॉस वोटिंग से बिगड़ा समीकरण, विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत की हुई किरकिरी; पूर्व विधायक राकेश पारीक और कांग्रेस नेता संग्राम सिंह गुर्जर का बढ़ा राजनीतिक रुतबा
भीनाय। ब्यावर जिले की भीनाय पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में कांग्रेस ने बड़ा उलटफेर करते हुए भाजपा को करारी शिकस्त दी। कांग्रेस प्रत्याशी रिंका गुर्जर ने भाजपा की मीना चौधरी को 5 मतों से पराजित कर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। रिंका गुर्जर को 12 मत मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी मीना चौधरी को केवल 7 मतों से संतोष करना पड़ा।
इस चुनाव में सबसे चौंकाने वाली बात भाजपा में हुई क्रॉस वोटिंग रही। पंचायत समिति में भाजपा के पास 9 और कांग्रेस के पास 10 सीटें थीं। ऐसे में कांग्रेस के पक्ष में पहले से ही एक मत की बढ़त थी, लेकिन भाजपा में हुई टूट और क्रॉस वोटिंग ने चुनाव परिणाम को और दिलचस्प बना दिया। कांग्रेस प्रत्याशी ने पांच मतों के अंतर से जीत दर्ज कर भाजपा के राजनीतिक समीकरणों को पूरी तरह बिगाड़ दिया।
विधायक कानावत की रणनीति पर उठे सवाल
भीनाय प्रधान चुनाव के परिणाम को भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत के लिए बड़ा राजनीतिक झटका माना जा रहा है। भाजपा के पास नौ सदस्य होने के बावजूद पार्टी प्रत्याशी मीना चौधरी को केवल सात वोट मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। भाजपा में हुई क्रॉस वोटिंग ने पार्टी की अंदरूनी खींचतान को भी उजागर कर दिया है।
कांग्रेस खेमे में जश्न, राकेश पारीक और संग्राम सिंह का बढ़ा कद
रिंका गुर्जर की जीत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई। इस जीत से पूर्व विधायक राकेश पारीक और कांग्रेस नेता संग्राम सिंह गुर्जर का भी क्षेत्र में राजनीतिक प्रभाव बढ़ा है। चुनाव परिणाम को कांग्रेस के लिए बड़ी राजनीतिक उपलब्धि माना जा रहा है।
पांच मतों के अंतर से मिली इस जीत ने भीनाय की राजनीति में नए समीकरण पैदा कर दिए हैं। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं में चुनाव परिणाम के बाद मायूसी देखने को मिली। अब इस हार के बाद भाजपा संगठन में क्रॉस वोटिंग और भीतरघात को लेकर मंथन होना तय माना जा रहा है।