अजमेर में प्रधान चुनाव के नतीजों ने बदले सियासी समीकरण, कहीं कांग्रेस का दबदबा तो कहीं भाजपा का उलटफेर
अजमेर में प्रधान चुनाव के नतीजों ने बदले सियासी समीकरण, कहीं कांग्रेस का दबदबा तो कहीं भाजपा का उलटफेर
अजमेर ग्रामीण में कांग्रेस का बहुमत ध्वस्त कर भाजपा ने छीनी सत्ता, बीना देवी बनीं प्रधान; मसूदा में प्रवीण सिंह चौहान की एक वोट से रोमांचक जीत, बड़लियां में श्रवण सिंह रावत निर्विरोध निर्वाचित
अजमेर। अजमेर जिले की पंचायत समितियों में प्रधान पद के चुनाव शुक्रवार को राजनीतिक उठापटक, क्रॉस वोटिंग और जोड़-तोड़ के बीच संपन्न हुए। चुनाव परिणामों ने जिले की ग्रामीण राजनीति में नए सियासी समीकरण खड़े कर दिए। कहीं कांग्रेस ने अपनी ताकत दिखाते हुए प्रधान पद पर कब्जा जमाया तो कहीं भाजपा ने बहुमत के गणित को ध्वस्त कर सत्ता हासिल कर ली।
सबसे बड़ा राजनीतिक उलटफेर अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति में देखने को मिला, जहां 19 में से 11 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाली कांग्रेस प्रधान पद का चुनाव हार गई। भाजपा की बीना देवी ने 10 मत हासिल कर प्रधान पद पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 9 मत मिले। बताया जा रहा है कि कांग्रेस से निर्वाचित दो अनुसूचित जाति के सदस्य भाजपा के पक्ष में चले गए, जिससे कांग्रेस का बहुमत ध्वस्त हो गया और भाजपा अपना प्रधान बनाने में सफल रही।
मसूदा में एक वोट से प्रवीण सिंह चौहान की जीत
मसूदा पंचायत समिति में प्रधान पद का चुनाव बेहद रोमांचक रहा। कांग्रेस के प्रवीण सिंह चौहान ने भाजपा प्रत्याशी को महज एक वोट से हराकर प्रधान पद पर कब्जा जमाया। इस चुनाव में मसूदा विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत को भी राजनीतिक झटका लगा। विधायक अपने क्षेत्र की भीनाय और मसूदा पंचायत समितियों में भाजपा का प्रधान नहीं बनवा सके।
मसूदा में मतदान के दौरान विधायक वीरेंद्र सिंह कानावत और कांग्रेस प्रत्याशी के आमने-सामने आने से माहौल गर्मा गया। स्थिति को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करवाया।
कांग्रेस और भाजपा के खाते में गईं पंचायत समितियां
प्रधान चुनाव के परिणामों में कांग्रेस और भाजपा के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। पीसांगन में कांग्रेस के गिरधारी गुर्जर, मसूदा में प्रवीण सिंह चौहान, अरांई में गुलाब देवी, सावर में दुर्गा देवी गुर्जर तथा भीनाय में रिंका देवी प्रधान निर्वाचित हुईं।
वहीं भाजपा ने केकड़ी में प्रकाश कंवर, सिलोरा में बदाम देवी, सरवाड़ में नर्मदा देवी और अजमेर ग्रामीण में बीना देवी को प्रधान बनाने में सफलता हासिल की। बड़लियां पंचायत समिति में श्रवण सिंह रावत निर्विरोध प्रधान निर्वाचित हुए।
किशनगढ़ में भी बदले राजनीतिक समीकरण
किशनगढ़ क्षेत्र में भी प्रधान पद के चुनाव के दौरान राजनीतिक उठापटक देखने को मिली। भाजपा से कांग्रेस में आई गणराज देवी पंचायत समिति सदस्य का चुनाव जीतने में सफल रही थीं, लेकिन प्रधान पद के लिए उन्होंने आरएलपी का टिकट लिया। इसके बावजूद वह प्रधान पद का चुनाव महज एक वोट से हार गईं। इस घटनाक्रम ने किशनगढ़ की स्थानीय राजनीति में भी नई चर्चा छेड़ दी।यहा से भाजपा की बदामी देवी जीती
नवनिर्वाचित प्रधानों को दिलाई शपथ
चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नवनिर्वाचित प्रधानों को निर्वाचन अधिकारियों की ओर से जीत के प्रमाण पत्र दिए गए तथा पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई। पीसांगन में नवनिर्वाचित प्रधान गिरधारी गुर्जर को रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी ने शपथ दिलाई।
कुल मिलाकर अजमेर जिले के प्रधान चुनाव में बहुमत से ज्यादा राजनीतिक प्रबंधन, क्रॉस वोटिंग और अंतिम समय की रणनीति निर्णायक साबित हुई। अजमेर ग्रामीण में कांग्रेस का बहुमत होने के बावजूद सत्ता गंवाना और मसूदा में कांग्रेस की एक वोट से जीत इस चुनाव के सबसे चर्चित राजनीतिक घटनाक्रम बनकर सामने आए हैं।