अराई अस्पताल में गूंजी दोहरी किलकारी, जुड़वा बच्चियों की सफल नॉर्मल डिलीवरी– जटिल जुड़वा गर्भावस्था में बिना ऑपरेशन सुरक्षित प्रसव, मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ– ग्रामीणों ने चिकित्सा दल की सराहना करते हुए सरकारी अस्पताल की सेवाओं पर जताया भरोसा
अराई अस्पताल में गूंजी दोहरी किलकारी, जुड़वा बच्चियों की सफल नॉर्मल डिलीवरी
– जटिल जुड़वा गर्भावस्था में बिना ऑपरेशन सुरक्षित प्रसव, मां और दोनों नवजात पूरी तरह स्वस्थ
– ग्रामीणों ने चिकित्सा दल की सराहना करते हुए सरकारी अस्पताल की सेवाओं पर जताया भरोसा
अराई। अजमेर जिले के अराई स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ने एक बार फिर उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं का परिचय देते हुए जटिल जुड़वा गर्भावस्था में बिना सिजेरियन ऑपरेशन के सफल सामान्य प्रसव कराकर मिसाल पेश की है। प्रसूता और दोनों नवजात बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हैं। इस सफलता के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है तथा ग्रामीणों ने चिकित्सा दल की कार्यकुशलता और समर्पण की जमकर सराहना की।
गुरुवार को ग्राम अराई निवासी मोना खंगार पत्नी सूरज खंगार को प्रसव पीड़ा होने पर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जांच के दौरान चिकित्सकों ने पाया कि महिला जुड़वा गर्भावस्था से गुजर रही है। सामान्यतः ऐसे मामलों में जोखिम अधिक होने के कारण सिजेरियन ऑपरेशन की आवश्यकता पड़ती है, लेकिन चिकित्सकों ने स्थिति का गहन आकलन करते हुए सामान्य प्रसव कराने का निर्णय लिया।
डॉ. विनय मित्तल के नेतृत्व में नर्सिंग ऑफिसर दिलजीत चौधरी, स्टाफ नर्स सुमन एवं शकुंतला ने पूरी सतर्कता, अनुभव और टीमवर्क के साथ सफलतापूर्वक नॉर्मल डिलीवरी कराई। प्रसूता ने दो स्वस्थ बच्चियों को जन्म दिया। प्रसव के बाद मां और दोनों नवजातों की लगातार निगरानी की गई तथा सभी की स्वास्थ्य स्थिति सामान्य पाई गई।
इस उपलब्धि के बाद अस्पताल परिसर में खुशी का माहौल रहा। परिजनों एवं ग्रामीणों ने चिकित्सा दल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकारी अस्पताल में इस प्रकार की जटिल डिलीवरी का सफल होना क्षेत्रवासियों के लिए विश्वास बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद समर्पित चिकित्सकीय टीम बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।
विशेषज्ञ की राय
नर्सिंग ऑफिसर दिलजीत चौधरी ने बताया कि जुड़वा गर्भावस्था को सामान्य प्रसव की दृष्टि से चुनौतीपूर्ण माना जाता है। ऐसे मामलों में मां और दोनों शिशुओं की स्थिति पर लगातार नजर रखनी पड़ती है। अराई अस्पताल की पूरी टीम ने समन्वय और विशेषज्ञता के साथ सुरक्षित नॉर्मल डिलीवरी कराई। वर्तमान में जच्चा और दोनों बच्चियां पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने गर्भवती महिलाओं को संतुलित आहार, फल एवं पौष्टिक भोजन लेने तथा चिकित्सकीय सलाह के अनुसार हल्की शारीरिक गतिविधि करते रहने की भी सलाह दी।