नवनियुक्त उपाध्यक्ष धनराज मेहरा ने संभाला पदभार, पार्षदों ने भी ग्रहण किया कार्यभार
नवनियुक्त उपाध्यक्ष धनराज मेहरा ने संभाला पदभार, पार्षदों ने भी ग्रहण किया कार्यभार
नगर विकास और जनसमस्याओं के समाधान को प्राथमिकता, जल्द बोर्ड बैठक कराने की मांग
नसीराबाद। (अनिल लोहरे) नगर पालिका नसीराबाद के नवनियुक्त उपाध्यक्ष धनराज मेहरा ने गुरुवार को नगर पालिका कार्यालय पहुंचकर विधिवत पदभार ग्रहण किया। उनके साथ नवनिर्वाचित पार्षदों ने भी अपना कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमेंद्र सिंह ने उपाध्यक्ष धनराज मेहरा का साफा पहनाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया। उपस्थित पार्षदों का भी माल्यार्पण कर अभिनंदन किया गया।
पदभार ग्रहण के अवसर पर पार्षद हंसराज, प्रियंका मेघवंशी, रितिका शेखावत, राजेश कुमार शर्मा, रमेश चंद, रितुका सोनी, इस्माइल एवं सोनू कंवर सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नगर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश परिहार, पूर्व पार्षद प्रदीप सिंह राठौड़, कांग्रेस कार्यकर्ता एवं गणमान्यजन भी समारोह में उपस्थित रहे।
इस दौरान पार्षदों ने नगर पालिका क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने, वार्डों की लंबित समस्याओं के समाधान तथा आमजन को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया। पार्षदों ने नगर पालिका की बोर्ड बैठक शीघ्र आयोजित करवाने की मांग भी रखी, ताकि विभिन्न वार्डों की समस्याओं एवं प्रस्तावित विकास कार्यों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए जा सकें।
नवनियुक्त उपाध्यक्ष धनराज मेहरा ने कहा कि नगर के विकास के लिए सभी पार्षदों को साथ लेकर कार्य किया जाएगा। वार्डों की समस्याओं को प्राथमिकता से उठाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे तथा आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान रहेगा।
पदभार ग्रहण समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।