जिला कलक्टर लोक बंधु ने किया आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान

जिला कलक्टर  लोक बंधु ने किया आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान
Spread the love

विकसित भारत जन सेवा अभियान

आंगन मिलन सेवा का आयोजन

जिला कलक्टर लोक बंधु ने किया आंगनबाड़ी बहनों का सम्मान

अजमेर, 26 सितम्बर। विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत शनिवार को भूणाबाय स्थित राजकीय महात्मा गांधी विद्यालय के आंगनबाड़ी केंद्र में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कुपोषण मुक्त अजमेर की दिशा में आगे बढ़ते हुए पोस्टर का विमोचन भी किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने कार्यक्रम में कुपोषण मुक्त अजमेर की दिशा में आगे बढ़ते हुए पोस्टर का विमोचन किया।

उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं और आशा सहयोगिनियों को माला पहनाकर, पौधा एवं माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेषित पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। साथ ही इस अवसर पर माननीय मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संदेश प्रदान कर सम्मानित किया गया। गर्भवती महिलाओं की गोद भराई और धात्री माताओं के बच्चों का अन्नप्राशन करवाया गया।

अपने संबोधन में जिला कलक्टर लोक बंधु ने कहा कि आंगनबाड़ी के कार्मिक प्रशासन की फील्ड फोर्स है। आंगनबाड़ी कार्मिकों और शिक्षकों का बच्चे पर सबसे अधिक प्रभाव पड़ता है। बच्चों के शुरुआती मानसिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों में टीम भावना के गुण अंकुरित करती है। उनका शारीरिक एवं मानसिक विकास सुनिश्चित होता है।

उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्मिकों को क्षेत्र में सूक्ष्म स्तर पर मॉनिटरिंग करनी चाहिए। इनके द्वारा किए गए कार्य से जिले को कुपोषण मुक्त बनाया जाना आसान रहेगा। विशेष परिस्थिति में किसी महिला अथवा बच्चों को अतिरिक्त पोषण की आवश्यकता होने पर वह भी प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराया जाएगा। चिह्वित बच्चों के उपचार की भी व्यवस्था प्रशासन द्वारा की गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. ज्योत्सना रंगा ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्मिक निःस्वार्थ भावना के साथ लंबे समय से सेवा करते आए हैं। उनकी इस सेवा को प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री स्तर से सम्मान दिया गया है। उनका संदेश पत्र आंगनबाड़ी बहनों के लिए गर्व का विषय है। आंगनबाड़ी एक प्रि स्कूल की तरह कार्य करने के साथ-साथ पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाओं की डिलीवरी करने का भी माध्यम है। यह बच्चों के भविष्य निर्माण की पहली पाठशाला है। आंगनबाड़ी बहनें हर बच्चे की मुस्कान और हर माँ के विश्वास की जिम्मेदारी पूर्ण मुस्तैदी से निभा रही हैं। यह सम्मान उस ममता, मेहनत और समर्पण का सम्मान है, जिससे नई पीढ़ी का भविष्य संवर रहा है।

महिला एवं बाल विकास विभाग के उपनिदेशक श्री महेश गुप्ता ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्मिकों के सम्मान का यह दिन इनकी सेवा भावना को सुदृढ़ करेगा। इनके द्वारा जमीनी स्तर पर किए गए कार्यों एवं स्वास्थ्य और पोषण के क्षेत्र की सेवाओं से जिले को कुपोषण मुक्त बनाया जाए जा रहा है। इनके द्वारा 6 प्रकार की सेवाएं दी जा रही है। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना के माध्यम से भी महिलाओं को सहायता प्रदान की जा रही है। आंगनबाड़ी में आयोजित यह कार्यक्रम बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए परिवार और समाज को जोड़ने का प्रयास है। पोषण के क्षेत्र में निःस्वार्थ भाव से काम करने वाली कार्यकर्ता, सहायिका ही हमारे लोकल हीरो हैं।

श्रीमती उर्मिला कुमावत ने कहा कि मातृ शक्ति घर के प्रबंधन में दक्ष रहती है। उनकी यह विशेष योग्यता अन्य क्षेत्रों में भी नजर आती है। महिलाएं स्वस्थ होने पर नई पीढ़ी स्वस्थ होगी। गर्भवती महिला को उचित एवं संतुलित भोजन आवश्यक रूप से दिया जाना चाहिए। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने आंगनबाड़ी बहनों के समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें पत्र प्रेषित किया है।

इस अवसर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश, लोक सेवाओं की सहायक निदेशक डॉ. नेहा राजपूत, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी गोविंद नारायण शर्मा, पार्षद मीनाक्षी मीणा एवं गोविंद लखन सहित स्थानीय गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *