कानाखेड़ी में 35 वर्षीय सुमन देवी ने संभाला सरपंच पदभार, पूजा-अर्चना के बाद हुआ स्वागत
अजमेर | श्रीनगर क्षेत्र की ग्राम पंचायत कानाखेड़ी की नवनिर्वाचित 35 वर्षीय सरपंच सुमन देवी ने पूजा-अर्चना के बाद विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों की मौजूदगी में स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पहुंचे बुजुर्गों को माला, साफा और शॉल पहनाकर सम्मानित किया गया। वहीं उपसरपंच केसर सिंह एवं सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों का भी माला, साफा और शॉल पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मौजूद कार्यकर्ताओं का भी माला पहनाकर अभिनंदन किया गया।
समारोह में बड़ी संख्या में महिलाएं, पुरुष, युवा, बुजुर्ग और ग्रामवासी शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों ने एक-दूसरे को लड्डू खिलाकर खुशी जाहिर की।
इस दौरान समाजसेवी जय सिंह रावत ने उम्मीद जताई कि सुमन देवी के नेतृत्व में ग्राम पंचायत विकास, जनसेवा और आपसी भाईचारे को प्राथमिकता देते हुए कार्य करेगी।
नवनिर्वाचित सरपंच सुमन देवी ने कहा कि ग्रामवासियों के सहयोग और विश्वास से पंचायत के प्रत्येक गांव और वार्ड के विकास के लिए मिलकर काम किया जाएगा। उनका प्रयास रहेगा कि सभी को साथ लेकर जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाया जाए।
चुनाव परिणाम: सरपंच पद के चुनाव में सुमन देवी को 1,159 वोट मिले। वहीं उनकी प्रतिद्वंद्वी रेशमा जोधावत को 965 और सरोज देवी को 514 वोट प्राप्त हुए। इस प्रकार सुमन देवी ने 194 वोटों के अंतर से जीत दर्ज की।