राजस्थान में आज तीसरे चरण का मतदान, 1.06 करोड़ मतदाता करेंगे गांवों की सरकार का फैसला
27 जिला परिषदों और 116 पंचायत समितियों में चुनाव, 2,496 वार्डों के लिए 9,094 प्रत्याशी मैदान में; मतदान दल केंद्रों पर पहुंचे
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के तीसरे चरण के मतदान को लेकर प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मंगलवार, 3 नवंबर को प्रदेश के 27 जिला परिषद क्षेत्रों और 116 पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा। सोमवार को मतदान दलों को अंतिम प्रशिक्षण देने के बाद निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
तीसरे चरण में जिला परिषद के 377 वार्डों में 1,305 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। वहीं 116 पंचायत समितियों के 2,119 वार्डों में 7,789 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इस तरह कुल 2,496 वार्डों के लिए 9,094 उम्मीदवारों के बीच मुकाबला होगा।
1.06 करोड़ से अधिक मतदाता करेंगे मतदान
इस चरण में कुल 1 करोड़ 6 लाख 81 हजार 567 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें 55 लाख 48 हजार 472 पुरुष, 51 लाख 33 हजार 51 महिला और 44 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 11,869 केंद्र बनाए गए हैं। जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव में ईवीएम से मतदान कराया जाएगा।
पंच-सरपंच चुनाव का कार्यक्रम भी जारी
तीसरे चरण में पंच और सरपंच पदों के लिए 4 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नामांकन प्रक्रिया होगी। नामांकन पत्रों की जांच सुबह 11:30 बजे से होगी, जबकि दोपहर 2 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। इसके बाद चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे। 5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतगणना मतदान समाप्त होते ही ग्राम पंचायत मुख्यालय पर की जाएगी। वहीं 6 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
चौथे चरण का मतदान 14 नवंबर को
पंचायतीराज चुनाव के चौथे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए 14 नवंबर को मतदान होगा। इसके लिए 13 नवंबर को मतदान दल रवाना किए जाएंगे। चौथे चरण में पंच-सरपंच चुनाव के लिए 15 नवंबर को नामांकन, 16 नवंबर को मतदान और मतगणना तथा 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा। सभी चरणों के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर की जाएगी।