36 साल की उम्र में नरेंद्र सिंह रावत बने बीर पंचायत के सरपंच, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संभाला कार्यभार
अजमेर । पंचायत समिति बड़ल्या की ग्राम पंचायत बीर के नवनिर्वाचित सरपंच नरेंद्र सिंह रावत (नंदू बाबा) ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। 36 वर्ष की उम्र में ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी संभालने वाले नरेंद्र सिंह रावत का ग्रामीणों ने माला और साफा पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर उपसरपंच आरिफ खान सहित 12 वार्ड पंच मौजूद रहे।
पदभार ग्रहण समारोह में ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच को शुभकामनाएं दीं। पूर्व सरपंचों और ग्रामीणों ने भी उनका अभिनंदन कर आशीर्वाद दिया। इस दौरान गांव के विकास, स्वच्छता, चिकित्सा, शिक्षा और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर चर्चा हुई।
चिकित्सा, शिक्षा और परिवहन सुविधाओं पर रहेगा जोर
नरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि गांव का विकास उनकी प्राथमिकता रहेगा। ग्रामीणों को बेहतर आवागमन के साधन उपलब्ध कराने के साथ चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में सुधार के लिए प्रयास किए जाएंगे। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर भी ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि गांव में भाईचारा बनाए रखते हुए बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जाएंगे।
उन्होंने कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मूल मंत्र के साथ काम करने की बात कही। उन्होंने गांव को अपना परिवार मानकर सभी ग्रामीणों की सेवा करने का संकल्प भी जताया।
गौशाला संचालन का अनुभव, गौसेवा को भी प्राथमिकता
नवनिर्वाचित सरपंच नरेंद्र सिंह रावत पूर्व में स्वयं गौशाला का संचालन कर चुके हैं। उन्होंने गौशाला और गोवंश संरक्षण को भी प्राथमिकता देने की बात कही। पदभार ग्रहण समारोह के दौरान गौमाता का आशीर्वाद मिलने का उल्लेख भी किया गया।
पूर्व जनप्रतिनिधियों ने किया स्वागत
समारोह में पूर्व सरपंच सायरा बानो, हाजी मुराद अली सहित अन्य ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच का स्वागत किया। पूर्व सरपंच के परिवार की ओर से भी पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग देने की बात कही गई। इस दौरान कल्याण रविदास, बीरम रावत, गोविंद रावत, रामदेव प्रजापत, जय सिंह रावत और राम सिंह रावत सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।
113 मतों से दर्ज की थी जीत
ग्राम पंचायत बीर के सरपंच चुनाव में नरेंद्र सिंह रावत (नंदू बाबा) ने 1,565 मत प्राप्त कर जीत दर्ज की। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी जगदीश गुर्जर को 1,452 मत मिले। इस प्रकार नरेंद्र सिंह रावत 113 मतों के अंतर से निर्वाचित हुए। वहीं शंकर सिंह रावत को 687 और धर्मराज गुर्जर को 377 मत प्राप्त हुए।
पदभार ग्रहण के साथ ही ग्राम पंचायत बीर में नए कार्यकाल की शुरुआत हो गई है। अब ग्रामीणों की नजरें पंचायत में प्रस्तावित विकास कार्यों और मूलभूत सुविधाओं में होने वाले सुधार पर रहेंगी।