नया बाजार में जेबतराशी, सरपंच पति की जेब से 50 हजार रुपए पार; लोगों ने युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा

अजमेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के नया बाजार में सोमवार को जेबतराशी का मामला सामने आया। यहां ग्राम पंचायत काशीर की सरपंच के पति भांगचंद चौधरी की जेब से कथित तौर पर 50 हजार रुपए निकाल लिए गए। वारदात के बाद भाग रहे युवक को स्थानीय लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने आरोपी के पास से नकदी भी बरामद की।
जानकारी के अनुसार भांगचंद चौधरी सोमवार दोपहर अपने एक दोस्त के साथ देवनाली से खरीदारी के लिए नया बाजार आए थे। इस दौरान बाजार में एक परिचित मिलने पर वे गोल प्याऊ के पास रुके। इसी बीच एक युवक उनके पास से गुजरा और उनसे टकराकर आगे निकल गया।
कुछ देर बाद भांगचंद चौधरी ने अपनी जेब में हाथ डाला तो उसमें रखे 50 हजार रुपए गायब मिले। उन्हें युवक पर संदेह हुआ। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इस पर मौके पर मौजूद लोगों ने भाग रहे युवक का पीछा कर उसे पकड़ लिया।
नकदी बरामद कर युवक को पुलिस के हवाले किया
स्थानीय लोगों ने युवक को पकड़कर पूछताछ की और उसके पास से कथित तौर पर चोरी की गई 50 हजार रुपए की राशि बरामद कर ली। इस दौरान लोगों ने उसकी पिटाई भी की। बाद में उसे कोतवाली थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
पीड़ित भांगचंद चौधरी ने मामले को लेकर पुलिस को लिखित शिकायत दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।