बड़ल्या सरपंच संघ को मिला नया नेतृत्व, मनफूल के नाम पर 18 सरपंचों की सहमति
अजमेर। अजमेर जिले की नवगठित पंचायत समिति बड़ल्या क्षेत्र के नवनिर्वाचित सरपंचों की महत्वपूर्ण बैठक 3 नवंबर 2026 को आयोजित हुई। बैठक में पंचायत समिति बड़ल्या सरपंच संघ के अध्यक्ष पद को लेकर विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान रसूलपुरा ग्राम पंचायत के सरपंच मनफूल को 18 सरपंचों के समर्थन से सरपंच संघ का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।
बैठक में सरपंच संघ के प्रदेश महासचिव शक्ति सिंह रावत, संघ के संरक्षक विजय कुमार पाराशर, अजमेर ग्रामीण प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन सिंह रावत तथा अमित भंसाली की उपस्थिति में अध्यक्ष पद के चयन की प्रक्रिया संपन्न हुई।
इस अवसर पर प्रदेश महासचिव शक्ति सिंह रावत ने सरपंच संघ की कार्यप्रणाली, संगठन की भूमिका एवं सरपंचों के अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं संरक्षक विजय कुमार पाराशर ने संगठन की एकता, संघर्ष एवं सरपंचों के हितों में सामूहिक रूप से कार्य करने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।

बैठक में पालरा सरपंच धर्मसिंह, गोडियावास सरपंच नरेसिंह रावत, खाजपुरा सरपंच सुमरसिंह, आमबा मसीना सरपंच रामावतार, मुहामी सरपंच निकेश सिंह रावत, बुबानी सरपंच प्रियंका देवी, जाटिया सरपंच कमला देवी रावत, नारेली सरपंच पूजा देवी, भुडोल सरपंच सूरजमल, रसूलपुरा सरपंच मनफूल, बीर सरपंच नंदू सिंह (नरेंद्र सिंह), बड़लिया सरपंच अभय सिंह रावत एवं नदी प्रथम सरपंच टिक्कम कहार,
इसके अतिरिक्त सेन्दरिया सरपंच मदन सिंह रावत, मायापुर सरपंच संगीता रावत, हटुंडी सरपंच अब्दुल वजाक, दांता सरपंच अजय राज गुर्जर एवं भावता सरपंच गिरधारी सिंह ने दूरभाष के माध्यम से अपना समर्थन व्यक्त किया।
इस प्रकार पंचायत समिति बड़ल्या क्षेत्र के कुल 25 सरपंचों में से 18 सरपंचों ने रसूलपुरा सरपंच मनफूल के पक्ष में समर्थन दिया। इनमें 13 सरपंच बैठक में प्रत्यक्ष रूप से उपस्थित रहे, जबकि 5 सरपंचों ने फोन के माध्यम से अपनी सहमति एवं समर्थन दिया। बहुमत के आधार पर मनफूल को पंचायत समिति बड़ल्या सरपंच संघ का अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इसकी औपचारिक घोषणा संघ के संरक्षक विजय कुमार पाराशर ने की।
बैठक के समापन पर उपस्थित सरपंचों ने संगठन को मजबूत बनाने, आपसी समन्वय एवं एकजुटता बनाए रखने तथा पंचायती राज संस्थाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों को सामूहिक रूप से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।
अध्यक्ष चयन में समर्थन का विवरण
- कुल ग्राम पंचायतों के सरपंच: 25
- मनफूल के पक्ष में कुल समर्थन: 18
- बैठक में प्रत्यक्ष उपस्थित सरपंच: 13
- दूरभाष से समर्थन देने वाले सरपंच: 5
- निर्वाचित अध्यक्ष: मनफूल (सरपंच, रसूलपुरा)