जिला प्रमुख चुनाव से पहले भाजपा की रणनीति तेज, पुष्कर से दूसरे जिले में शिफ्ट किए जिला परिषद प्रत्याशी
अजमेर। जिला परिषद चुनाव के नतीजे आने से पहले ही अजमेर में जिला प्रमुख की कुर्सी को लेकर भाजपा ने अपनी रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने जीत की संभावना वाले जिला परिषद प्रत्याशियों को पुष्कर के रिसॉर्ट से हटाकर प्रदेश के दूसरे जिले में शिफ्ट कर दिया है। चुनाव परिणाम के बाद किसी तरह की राजनीतिक सेंधमारी और संभावित टूट की आशंका को देखते हुए पार्टी अपने प्रत्याशियों को एकजुट रखने में जुटी है। इसके लिए 20 नवंबर को होने वाली मतगणना तक बाड़ेबंदी जारी रखने की तैयारी है।
प्रदेश नेतृत्व की निगरानी में पूरी कवायद
भाजपा देहात जिलाध्यक्ष जीतमल प्रजापति के अनुसार, प्रत्याशियों को पार्टी की रणनीति के तहत एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट किया गया है। प्रदेश नेतृत्व पूरी व्यवस्था पर नजर बनाए हुए है। उन्होंने कहा कि सभी प्रत्याशी पार्टी के साथ एकजुट हैं और संगठन के निर्देशों के अनुसार काम कर रहे हैं। प्रशिक्षण और संगठनात्मक गतिविधियों के जरिए प्रत्याशियों के बीच आपसी समन्वय मजबूत किया जा रहा है। पार्टी का प्रयास है कि परिणाम आने तक सभी प्रत्याशी एकजुट रहें और जिला प्रमुख के चुनाव के दौरान कोई असमंजस की स्थिति नहीं बने।
जिला प्रमुख की कुर्सी पर नजर
जिला परिषद चुनाव में भाजपा और कांग्रेस के बीच मुकाबला प्रतिष्ठा का सवाल बना हुआ है। जिला प्रमुख का पद दोनों ही दलों के लिए महत्वपूर्ण है। इसी को देखते हुए मतदान के बाद से ही संभावित विजेताओं को अपने खेमे में सुरक्षित रखने की कवायद शुरू कर दी गई थी। भाजपा ने पहले सभी प्रत्याशियों को पुष्कर में एकजुट रखा था, लेकिन अब उन्हें वहां से दूसरे जिले में शिफ्ट कर दिया गया है।
पंचायत समिति सदस्यों पर भी नजर
भाजपा जिला परिषद के साथ पंचायत समिति सदस्यों को लेकर भी सतर्क है। अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में पंचायत समिति सदस्यों के लिए प्रशिक्षण और संगठनात्मक बैठकों की व्यवस्था की जा रही है। पार्टी की कोशिश है कि जिला प्रमुख के साथ पंचायत समितियों में भी प्रधान पद पर उसके समर्थित प्रत्याशियों का बहुमत बना रहे। अब सभी की नजर 20 नवंबर को होने वाली मतगणना और इसके बाद जिला प्रमुख एवं प्रधान के चुनाव पर टिकी है।