पंचायत चुनाव का चौथा चरण कल: जयपुर में 4.07 लाख मतदाता करेंगे मतदान, 241 प्रत्याशियों की किस्मत होगी ईवीएम में बंद
जयपुर। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के चौथे और अंतिम चरण के मतदान की तैयारियां पूरी हो गई हैं। शनिवार, 14 नवंबर को जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। जयपुर जिले में इस चरण के तहत 4 लाख 7 हजार से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिले की चार पंचायत समितियों में 82 वार्डों से 241 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान के लिए 446 केंद्र बनाए गए हैं।
मतदान दल शुक्रवार को जयपुर के सीकर रोड स्थित श्री भवानी निकेतन कॉलेज से रवाना होंगे। इससे पहले मतदान कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद उन्हें ईवीएम और अन्य चुनाव सामग्री सौंपकर निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया जाएगा।
25 जिलों की 116 पंचायत समितियों में मतदान
चौथे चरण में प्रदेश के 25 जिलों की 116 पंचायत समितियों के अंतर्गत जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। जयपुर जिले में बस्सी, आंधी, जमवारामगढ़ और तूंगा पंचायत समितियों में चुनाव कराए जाएंगे। जयपुर में 13 जिला परिषद वार्डों के लिए भी मतदान होगा। मतदाता सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ईवीएम के माध्यम से वोट डाल सकेंगे।
सरपंच और वार्ड पंच के लिए 16 नवंबर को मतदान
जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के मतदान के बाद 15 नवंबर को सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए नामांकन, जांच और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया होगी। इसके बाद 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक बैलेट पेपर के माध्यम से मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे। 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होगा।
20 नवंबर को होगी मतगणना
चारों चरणों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए हुए मतदान की मतगणना 20 नवंबर को जिला मुख्यालयों पर एक साथ होगी। इसके बाद 25 नवंबर को जिला प्रमुख और 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख का चुनाव होगा। वहीं, 27 नवंबर को पंचायत समिति प्रधान और 28 नवंबर को उपप्रधान का निर्वाचन कराया जाएगा। इसके साथ ही प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।