श्री पुष्कर मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजितसफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश

श्री  पुष्कर मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजितसफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश
Spread the love

श्री पुष्कर मेला 2026 की तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
सफाई, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के दिए निर्देश

अजमेर, 12 नवम्बर। श्री पुष्कर मेला 2026 के सफल और सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों द्वारा समीक्षा बैठक ली गई। इस बैठक में संभागीय आयुक्त  शक्ति सिंह राठौड़, पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि, जिला कलक्टर  लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक  हर्ष वर्धन अगरवाला ने तैयारियों का जायजा लिया। मेला मैदान तथा मेला क्षेत्र का मौके पर निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिए गए।

संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़ ने मेले में सफाई व्यवस्था पर विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सोमवार से ही बीट के अनुसार सफाई शुरू की जाए। रात्रि में भी सफाई का कार्य जारी रहेगा। इस दौरान लगातार सफाई अभियान चलाया जाए। कचरा डिपो से नियमित रूप से कचरा उठाया जाए। उन्होंने विभिन्न स्थानों पर बैरिकेडिंग कराने और सरोवर पर सुरक्षा के लिए लाल झंडियां, रस्सियां तथा सांकल लगाने के निर्देश दिए। साथ ही मृत पशुओं को तत्काल उठाने, नालियों की लगातार सफाई करने तथा सीवरेज और ड्रेनेज को पूरी तरह साफ रखने को कहा। उन्होंने नौसर घाटी में कंटीली झाड़ियां और अस्थाई अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए। पशुपालकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क स्थापित करने और पशुओं के उपचार हेतु विभिन्न स्थानों पर चिकित्सालय खोलने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि मेले में आने वाले पशुओं की गणना सही तरीके से होनी चाहिए। पुष्कर के प्राकृतिक वास्तविक स्वरूप से किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन निर्धारित नियमानुसार करने और मेले की गतिविधियों की जानकारी पर्यटकों तक पहुंचाने की बात कही। उन्होंने सभी सड़कों को दो दिन में सही करने, निर्माणाधीन फ्लाईओवर के पास सुविधा सड़क बनाने तथा पशुओं के लिए बनाई गई खेलियों में पानी लगातार भरा रखने के निर्देश दिए।

पुलिस महानिरीक्षक डॉ. रवि ने कहा कि मेले में भीड़ प्रबंधन वैज्ञानिक तरीके से किया जाना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि परिसरों में क्षमता के अनुसार ही प्रवेश दिया जाए। प्रवेश द्वार से पहले होल्डिंग एरिया बनाया जाए। उन्होंने निकास द्वार एक से अधिक और व्यवधान रहित रखने पर जोर दिया। डॉ. रवि ने कहा कि तैनात पुलिस जाब्ता मार्गदर्शक की भूमिका निभाए। मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में संकेतक लगे होने चाहिए। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ा नियंत्रण रखने, सीसीटीवी कैमरों को सक्रिय रखने और फेस रिकग्निशन एआई बेस्ड कैमरे लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन टीम को लगातार सक्रिय रहने, बिजली के तारों को ढीला न छोड़ने तथा अग्निशमन दल के लिए चारों दिशाओं में रिफिलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु ने निर्देश दिए कि मेला क्षेत्र में कचरा पात्र पर्याप्त संख्या में रखे जाएं। विभिन्न स्थानों पर रखे इन कचरा पात्रों को लगातार खाली कराया जाए। उन्होंने निराश्रित पशुओं को गौशालाओं में भेजने अथवा अस्थाई कांजी हाउस में रखने के आदेश दिए। जिला कलक्टर ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की जानकारी अधिकतम व्यक्तियों तक पहुंचाने और नए मेला मैदान तक बिजली एवं प्रकाश की समुचित व्यवस्था करने को कहा।

पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अगरवाला ने कहा कि मेले में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात रहे। पुलिस नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुष्कर घाटी में एकतरफा यातायात व्यवस्था रहेगी। विभिन्न स्थानों पर नाके लगाए जाएंगे। पार्किंग की सूचना क्यूआर कोड के माध्यम से मिलेगी। राजकीय वाहन केवल देवनगर रोड से ही आएंगे।

जिला कलक्टर श्री लोक बन्धु एवं पुलिस अधीक्षक श्री हर्ष वर्धन अगरवाला ने उष्ट्र पालकों के साथ वार्तालाप कर उनकी समस्याएं जानी। अधिकारियों ने उनकी मांग पर पेयजल एवं रोशनी की तत्काल व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने हनुमानगढ़ के श्री मंगलाराम एवं तेजा की बैरी के श्री अमान के साथ आत्मीयतापूर्वक वार्तालाप किया। उनके लगाए टेंट में खाट पर बैठकर चर्चा की।

इस अवसर पर अजमेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त रश्मि रानी, अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. अभिषेक गोयल, उपखण्ड अधिकारी गुरु प्रसाद तंवर, नगर निगम उपायुक्त भरत राज गुर्जर एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लाल चन्द सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *