25 वर्ष की उम्र में मंजू देवी गुर्जर ने संभाली ग्राम पंचायत लवेरा की कमान
25 वर्ष की उम्र में मंजू देवी गुर्जर ने संभाली ग्राम पंचायत लवेरा की कमान
यज्ञ-हवन के साथ नवनिर्वाचित सरपंच, उपसरपंच और 9 वार्ड पंचों ने किया पदभार ग्रहण, बधाई देने पहुंचे विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता
श्रीनगर (रघुनंदन पारीक)। निकटवर्ती ग्राम पंचायत लवेरा में नवनिर्वाचित सरपंच मंजू देवी गुर्जर ने विधि-विधान एवं धार्मिक अनुष्ठान के साथ ग्राम पंचायत का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपसरपंच रोडूमल गुर्जर सहित सभी 9 नवनिर्वाचित वार्ड पंचों ने भी पदभार संभाला। कार्यक्रम में सुबह से शाम तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों का माला और साफा पहनाकर स्वागत किया।
पदभार ग्रहण समारोह में पंडित प्रवीण दाधीच ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ-हवन करवाकर विधि-विधान से पदभार ग्रहण करवाया। भेरू धाम राजगढ़ के मुख्य उपासक चंपालाल महाराज ने नशा मुक्ति का संदेश देते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ी को शिक्षित और उन्नत बनाना है तो समाज को नशे से दूर रहना होगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर शिक्षा और विकास की मुख्यधारा से जोड़ना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।
इस दौरान चंपालाल महाराज ने फीता काटकर सरपंच मंजू देवी गुर्जर को पदभार ग्रहण करवाया। समारोह में पूर्व विधायक महेंद्र सिंह गुर्जर, कांग्रेस प्रत्याशी शिवप्रकाश गुर्जर सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता एवं जनप्रतिनिधि पहुंचे और नवनिर्वाचित सरपंच सहित पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं। भाजपा के कैलाश लांबा भी विधायक प्रतिनिधि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
युवाओं को मिला नेतृत्व का अवसर
महज 25 वर्ष की उम्र में ग्राम पंचायत की कमान संभालने वाली मंजू देवी गुर्जर के सामने अब गांव के विकास को नई दिशा देने और ग्रामीणों की अपेक्षाओं पर खरा उतरने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी होगी। इस बार पंचायत में युवाओं को नेतृत्व का अवसर मिलने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। समाजसेवी पति महेंद्र सिंह गुर्जर ने भी इस अवसर पर उपस्थित रहकर शुभकामनाएं दीं।
पदभार ग्रहण करने वाली टीम में उपसरपंच रोडूमल गुर्जर, वार्ड संख्या 1 से हेमराज मेघवंशी, वार्ड संख्या 2 से बालमुकुंद वैष्णव, वार्ड संख्या 3 से शिवराज गुर्जर सहित मीरा देवी, रामदेव जाट, सुरता देवी, राधा देवी एवं सोनू देवी शामिल रहे।
कार्यक्रम में पूर्व सरपंच महावीर सिंह पंवार, शंकरलाल जाट सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण, गणमान्य नागरिक एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे समारोह के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल रहा और नवनिर्वाचित सरपंच एवं वार्ड पंचों को बधाई देने तथा माला-साफा पहनाकर स्वागत करने का सिलसिला सुबह से शाम तक चलता रहा।