मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित
अजमेर, 12 नवम्बर। जिले की मतदाता सूचियों के प्रारूप प्रकाशन के संबंध में राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ गुरूवार को जिला निर्वाचन अधिकारी लोक बन्धु के द्वारा बैठक ली गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी लोेक बन्धु ने कहा कि वर्तमान की फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम जारी है। इसके अन्तर्गत जिला अजमेर के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र किशनगढ़, पुष्कर, अजमेर उत्तर, अजमेर दक्षिण, नसीराबाद एवं केकड़ी की प्रारूप मतदाता सूची तैयार की गई है। इनका प्रारूप प्रकाशन गुरूवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (ईआरओ) कार्यालय पर किया गया।
बैठक में उपस्थित मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को संबंधित ईआरओ द्वारा प्रारूप मतदाता सूची की एक प्रति हार्ड कॉपी में उपलब्ध कराने के बारे में चर्चा की गई। प्रारूप मतदाता सूची की एक प्रति सोफ्ट कॉपी (फोटो रहित) भी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को दी गई।
उन्होंने बताया कि अर्हता एक जनवरी 2027 के सन्दर्भ में गुरूवार को फोटोयुक्त मतदाता सूचियों का जिला अजमेर के समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारीयों द्वारा प्रपत्र 5 में प्रारूप प्रकाशन की सूचना जारी की गई। इस पर दावों और आपत्तियों को दर्ज करने की अवधि के दौरान साप्ताहिक आधार पर दावों और आपत्तियों की सूचियों को साझा करने, बीएलए के स्तर से आवेदन (प्ररूप-6, 7 एवं 8) प्रस्तुत करने के विषय में दिशा-निर्देश दिए गए। अपील अधिकारियों के विवरण और अपील के प्रावधान के बारे में जानकारी के साथ निर्वाचकों के विवरण संबंधी जानकारी प्रदान की गई। प्रारूप मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) की बेवसाइट https://election.rajasthan.gov.in पर भी ऑनलाइन उपलब्ध होने बाबत जानकारी प्रदान की गई।
उन्होंने बताया कि मतदाता सूची में किसी नाम को सम्मिलित किए जाने के लिए कोई दावा, आक्षेप तथा वर्तमान प्रविष्टियों में सुधार के लिए आगामी 11 दिसम्बर से पूर्व समुचित प्ररूप 6, 7 एवं 8 का उपयोग किया जा सकता है। ऑनलाईन माध्यम (वोटर सर्विस पोर्टल अथवा ईसीआई नेट ऐप) से, संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी जिला अजमेर के कार्यालय में अथवा बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) को प्रस्तुत किये जाने एवं बीएलए के अपेक्षित सहयोग संबंधी जानकारी प्रदान की गई।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अभिषेक गोयल, भारतीय जनता पार्टी के मनोज डीडवानिया, इण्डियन नेशनल कांग्रेस के शैलेश गुप्ता, बसपा के गणपत लाल बारोलिया, सीपीआईएम के डॉ. प्रवीण, आम आदमी पार्टी के डॉ. हेम नंदनी चौहान, चुनाव शाखा के मीना शर्मा, ललिता कुमारी, सुभाष चन्द्र, भूपेन्द्र मारोठिया, भवानी सिंह, हंसराज, जितेन्द्र कुमार शर्मा, नरेन्द्र चौधरी, राकेश उदय सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।