अजमेर में 40 से ज्यादा प्रोजेक्ट, देवनानी बोले- पर्यटकों को निकालना होगा दो दिन का समय

अजमेर में 40 से ज्यादा प्रोजेक्ट, देवनानी बोले- पर्यटकों को निकालना होगा दो दिन का समय
Spread the love

अजमेर । अजमेर को पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने के लिए शहर में कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। आने वाले समय में पर्यटकों को अजमेर घूमने के लिए कम से कम दो दिन का समय निकालना होगा। आनासागर, वरुण सागर और चौरसियावास झील, लैपर्ड सफारी, ऐतिहासिक तारागढ़ सहित विकसित किए जा रहे नए पर्यटन स्थल शहर के प्रमुख आकर्षण बनेंगे। यह बात राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने रविवार को आयोजित दीपावली स्नेह मिलन समारोह में पत्रकारों से संवाद के दौरान कही।

देवनानी ने कहा कि अजमेर में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी 40 से अधिक विकास परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से शहर को विकास की नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि अजमेर के विकास में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी जाएगी और शहर के प्रत्येक नागरिक को इस विकास यात्रा में भागीदार बनना चाहिए।

177 करोड़ के सड़क विकास कार्य, 270 करोड़ की पेयजल योजना

विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि अजमेर में लगभग 177 करोड़ रुपये के सड़क विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें से 107 करोड़ रुपये के कार्य पूरे हो चुके हैं, जबकि 42 करोड़ रुपये के कार्य प्रगतिरत हैं। रिंग रोड की दिशा में 32 करोड़ रुपये की लागत से चार प्रमुख सड़कों का विकास एवं विस्तार किया जा रहा है। वहीं, पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए अमृत योजना के तहत करीब 270 करोड़ रुपये की योजना पर कार्य किया जा रहा है।

स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात

उन्होंने बताया कि शहर में 240 करोड़ रुपये की लागत से सात मंजिला अस्पताल का निर्माण किया जा रहा है। कोटड़ा में करीब 30 करोड़ रुपये की लागत से सैटेलाइट अस्पताल भी बनाया जा रहा है। शिक्षा के क्षेत्र में हाथीखेड़ा में 20 करोड़ रुपये की लागत से बालिका सैनिक स्कूल का निर्माण हो रहा है। इसमें पहले वर्ष 200 बालिकाओं को प्रवेश दिया जाएगा।

स्टेडियम, कन्वेंशन सेंटर और साइंस पार्क का निर्माण

देवनानी ने बताया कि माकड़वाली में 12 करोड़ रुपये की लागत से मल्टीपर्पज स्टेडियम विकसित किया जा रहा है। वहीं, 28 करोड़ रुपये की लागत से कन्वेंशन सेंटर और पंचशील क्षेत्र में 42 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक साइंस पार्क का निर्माण किया जा रहा है। साइंस पार्क में ऑडिटोरियम, प्लेनेटेरियम और एग्जीबिशन हॉल जैसी सुविधाएं विकसित होंगी।

तारागढ़ और लैपर्ड सफारी बनेंगे पर्यटन के नए केंद्र

ऐतिहासिक तारागढ़ को संरक्षित कर पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए डीपीआर तैयार की जा रही है। यहां म्यूजियम, चौहान सम्राटों की प्रतिमाएं, गार्डन, पार्किंग और कैफे विकसित करने की योजना है। इसके साथ ही लैपर्ड सफारी को भी प्रमुख पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। घाटी क्षेत्र में सनसेट पॉइंट और सेल्फी पॉइंट सहित अन्य पर्यटन सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

तीन झीलों से मिलेगी अजमेर को नई पहचान

देवनानी ने बताया कि वरुण सागर के सौंदर्यीकरण के तहत यहां भगवान वरुण की 17 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। इसका लोकार्पण अगले माह प्रस्तावित है। आनासागर, वरुण सागर और चौरसियावास झीलों के विकास से अजमेर को झीलों की नगरी के रूप में नई पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अलावा जयपुर रोड पर 8.50 करोड़ रुपये की लागत से भव्य प्रवेश द्वार और सौंदर्यीकरण का कार्य भी किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से अजमेर में पर्यटन के साथ रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। शहर की ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

पत्रकार एवं गणमान्यजन रहे उपस्थित

दीपावली स्नेह मिलन समारोह में अजमेर की महापौर अनामिका शर्मा, सीताराम शर्मा, अनीश मोयल, विक्रम सिंह सहित विभिन्न गणमान्यजन उपस्थित रहे। इस अवसर पर आवाज राजस्थान की के संपादक एवं प्रकाशक विजय कुमार पाराशर भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *