शिक्षिका से राष्ट्रीय कोच तक का सफर, आरती सेन को मिली राजस्थान की बेटियों को तराशने की जिम्मेदारी
नांदला (अनिल लोहरे)। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नांदला की शारीरिक शिक्षिका आरती सेन का चयन 70वीं राष्ट्रीय सॉफ्टबॉल प्रतियोगिता के लिए राजस्थान शिक्षा विभाग की 19 वर्षीय बालिका टीम के कोच के रूप में हुआ है। चंडीगढ़ में 18 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वे राजस्थान की बालिका खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करेंगी। प्रतियोगिता की तैयारियों के तहत टीम का पूर्व प्रशिक्षण शिविर 10 एवं 11 नवंबर को आयोजित हुआ, जबकि मुख्य प्रशिक्षण शिविर 12 से 16 नवंबर तक चला। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद टीम 16 नवंबर को चंडीगढ़ के लिए रवाना होगी। आरती सेन लंबे समय से बालिका खिलाड़ियों को सॉफ्टबॉल का प्रशिक्षण देकर उनकी प्रतिभा निखार रही हैं। उनके मार्गदर्शन में कई खिलाड़ी जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर चुकी हैं। आरती सेन को राष्ट्रीय स्तर पर कोच की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने से नांदला सहित पूरे क्षेत्र में हर्ष और गर्व का माहौल है। उनकी यह उपलब्धि क्षेत्र की उभरती बालिका खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।