राजस्थान में पंचायती राज विभाग में नई भर्ती की तैयारी, 2028 तक खाली होने वाले पदों का मांगा ब्योरा

राजस्थान में पंचायती राज विभाग में नई भर्ती की तैयारी, 2028 तक खाली होने वाले पदों का मांगा ब्योरा
Spread the love

वीडीओ, कनिष्ठ सहायक, वाहन चालक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के पदों पर हो सकती है सीधी भर्ती, सभी जिला परिषदों से रिक्तियों की जानकारी मांगी

जयपुर। राजस्थान में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के पंचायती राज विभाग में विभिन्न संवर्गों के रिक्त पदों पर नई सीधी भर्ती की तैयारी शुरू हो गई है। राज्य सरकार ने विभाग के अंतर्गत आने वाली सभी जिला परिषदों से 31 मार्च 2028 तक खाली होने वाले पदों का विस्तृत विवरण मांगा है।

कार्मिक विभाग के निर्देशों के बाद ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग ने सभी जिला परिषदों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों (सीईओ) को पत्र जारी कर निर्धारित प्रारूप में रिक्त पदों की जानकारी जल्द उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। इसमें वर्तमान में खाली पदों के साथ-साथ 31 मार्च 2028 तक सेवानिवृत्ति एवं अन्य कारणों से रिक्त होने वाले पदों का ब्योरा भी शामिल करना होगा।

चार संवर्गों में भर्ती की संभावना

विभाग ने मुख्य रूप से चार संवर्गों के पदों की जानकारी मांगी है। इनमें शामिल हैं—

  1. ग्राम विकास अधिकारी (VDO)
  2. कनिष्ठ सहायक
  3. वाहन चालक
  4. चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी

सभी जिला परिषदों को इन संवर्गों के पदों की अलग-अलग जानकारी देनी होगी। प्राप्त आंकड़ों के आधार पर प्रदेश में कर्मचारियों की वास्तविक आवश्यकता और आगामी भर्ती की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा।

पहले से चल रही भर्ती के पद नहीं होंगे शामिल

विभाग ने रिक्तियों की गणना को लेकर स्पष्ट किया है कि जिन पदों पर पहले से भर्ती प्रक्रिया जारी है अथवा जिनके लिए विज्ञप्ति या अधिसूचना जारी हो चुकी है, उन्हें नई रिक्तियों में शामिल नहीं किया जाएगा। नई गणना में केवल उन्हीं पदों को शामिल किया जाएगा, जिन पर आगामी समय में सीधी भर्ती की जा सकती है।

रिक्तियों का ब्योरा मिलने के बाद बनेगा भर्ती रोडमैप

दरअसल, राज्य सरकार कार्मिक विभाग के निर्देश पर विभिन्न विभागों, बोर्डों, निगमों और स्वायत्तशासी संस्थाओं में 31 मार्च 2028 तक खाली होने वाले पदों की जानकारी जुटा रही है। जिला परिषदों से आंकड़े मिलने के बाद विभाग इनका परीक्षण करेगा। इसके बाद भर्ती योग्य पदों के लिए राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड और राजस्थान लोक सेवा आयोग जैसी भर्ती एजेंसियों को अभ्यर्थना भेजने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकती है।

हालांकि, फिलहाल इन पदों पर भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी नहीं हुआ है। पदों की अंतिम संख्या, आवेदन प्रक्रिया और परीक्षा की तारीखों को लेकर भी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। ऐसे में अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित आधिकारिक अपडेट का इंतजार करना होगा।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *