जनजातीय हाट बाजार में विद्यार्थियों ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की छटा, स्वरोजगार के गुर सीख आत्मनिर्भरता का लिया संकल्प

जनजातीय हाट बाजार में विद्यार्थियों ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की छटा, स्वरोजगार के गुर सीख आत्मनिर्भरता का लिया संकल्प
Spread the love

नसीराबाद। पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय नसीराबाद में जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत शुक्रवार को जनजातीय हाट बाजार का भव्य आयोजन किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने विभिन्न स्टॉल लगाकर भारतीय जनजातीय संस्कृति, कला एवं परंपराओं की आकर्षक झलक प्रस्तुत की।

विद्यार्थियों ने जनजातीय कलाकृतियों, पारंपरिक आभूषणों, खिलौनों, मिट्टी एवं बांस से निर्मित वस्तुओं, पारंपरिक खान-पान तथा जनजातीय जीवनशैली पर आधारित चित्रकला एवं पेंटिंग का प्रदर्शन किया। वहीं, लोकनृत्य एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को आकर्षक बना दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण ‘कुकिंग विदाउट फायर’ गतिविधि रही। इसमें विद्यार्थियों ने बिना आग का उपयोग किए विभिन्न खाद्य पदार्थ तैयार कर उनके स्टॉल लगाए और विक्रय किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने लागत निर्धारण, उचित मूल्य तय करने, लाभ-हानि की गणना, ग्राहक संवाद एवं बाजार प्रबंधन जैसे व्यावहारिक कौशल सीखे। इस गतिविधि के माध्यम से उन्हें उद्यमिता, स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता का अनुभव मिला।

विद्यालय प्राचार्य आर.सी. मीणा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ वास्तविक जीवन के अनुभव प्रदान करती हैं। इससे उनमें रचनात्मकता, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित होती है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं विद्यार्थियों की प्रशंसा की।

आयोजन का प्रेरणादायक पक्ष विद्यार्थियों की स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी रहा। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद कक्षा 6 एवं 8 के विद्यार्थियों अरहान, ऋषभ, नदीम, मोहित एवं अक्षय सहित अन्य विद्यार्थियों ने स्वेच्छा से विद्यालय परिसर एवं खेल मैदान की साफ-सफाई की। विद्यार्थियों ने अपने कार्य से स्वच्छता एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

जनजातीय संस्कृति के संरक्षण, कौशल विकास, उद्यमिता, आत्मनिर्भरता एवं स्वच्छता का संदेश देने वाला यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए सीखने और व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने का प्रेरणादायक अवसर बना।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *