पीसांगन पंचायत समिति सरपंच संघ के अध्यक्ष बने भंवरलाल डीया
पीसांगन पंचायत समिति सरपंच संघ के अध्यक्ष बने भंवरलाल डीया
सर्वसम्मति से हुआ चयन, गोपाल गुर्जर और दीपक प्रजापत को जिला स्तर पर मिलेगी जिम्मेदारी
आवाज राजस्थान की | पीसांगन।
पीसांगन पंचायत समिति क्षेत्र के सरपंचों की बैठक पंचायत समिति सभागार में आयोजित हुई। बैठक में सर्वसम्मति से लीडी ग्राम पंचायत के सरपंच भंवरलाल डीया को पीसांगन पंचायत समिति सरपंच संघ का अध्यक्ष चुना गया।
बैठक जिला सरपंच संघ अध्यक्ष शक्ति सिंह रावत एवं संरक्षक विजय कुमार पाराशर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। अध्यक्ष पद के लिए गोपाल गुर्जर, भंवरलाल डीया तथा दीपक प्रजापत के नाम सामने आए। इसके बाद उपस्थित सरपंचों ने आपसी सहमति से भंवरलाल डीया के नाम पर सहमति जताते हुए उन्हें अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी।
उल्लेखनीय है कि भंवरलाल डीया दूसरी बार ग्राम पंचायत लीडी के सरपंच निर्वाचित हुए हैं। वहीं, अध्यक्ष पद के अन्य दावेदार गोपाल गुर्जर एवं दीपक प्रजापत को जिला स्तर पर जिम्मेदारी देने पर सहमति बनी।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष भंवरलाल डीया ने सभी सरपंचों का आभार व्यक्त करते हुए संगठन की एकजुटता, सरपंचों के अधिकारों की पैरवी तथा पंचायतों के विकास से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाने की बात कही। उनके चयन पर उपस्थित सरपंचों ने बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।