महापौर पारस सिंघवी और नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने रेलवे स्टेशन से कलेक्टर बंगले तक लिया निर्माण कार्य का जायजा

महापौर पारस सिंघवी और नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने रेलवे स्टेशन से कलेक्टर बंगले तक लिया निर्माण कार्य का जायजा
Spread the love

उदयपुर। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और एलिवेटेड रोड परियोजना को गति देने के लिए महापौर पारस सिंघवी एवं नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने सोमवार को निर्माण स्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने रेलवे स्टेशन से लेकर कलेक्टर बंगले तक पूरे मार्ग का जायजा लिया और निर्माण से जुड़े अधिकारियों के साथ विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की।

देहली गेट पर उतरने वाले आर्म की व्यवस्था का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान आयुक्त अभिषेक खन्ना और महापौर ने देहली गेट क्षेत्र में एलिवेटेड रोड से नीचे उतरने वाले प्रस्तावित आर्म के स्थानों का निरीक्षण किया। अधिकारियों से उपलब्ध जगह, यातायात दबाव और निर्माण की तकनीकी जरूरतों की जानकारी ली। निर्देश दिए गए कि डिजाइन और निर्माण की व्यवस्था ऐसी हो, जिससे भविष्य में वाहन चालकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

उदियापोल चौराहे पर भी होंगे बदलाव

शहर के प्रमुख उदियापोल चौराहे को लेकर भी सुधार के निर्देश दिए गए। यहां सड़क चौड़ी करने के लिए पेड़ हटाने की संभावनाओं पर कार्रवाई करने और मुख्य सर्कल का आकार छोटा कर यातायात के अनुकूल बनाने की बात कही गई। इसके लिए नया टेंडर जारी कर कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

एलिवेटेड रोड के नीचे बनेगी पार्किंग

निरीक्षण में एलिवेटेड रोड के नीचे की जगह के उपयोग पर भी विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को अनुपयोगी टीन शेड, निर्माण सामग्री और यातायात में बाधा बनने वाली वस्तुएं हटाने के निर्देश दिए गए। भविष्य में इस स्थान को व्यवस्थित Parking Area के रूप में विकसित करने की योजना है, जिससे शहर में पार्किंग की समस्या कम करने में मदद मिल सके।

निर्माण की गुणवत्ता और समय सीमा पर जोर

आयुक्त अभिषेक खन्ना ने निगम अधिकारियों को निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं महापौर ने कार्यकारी एजेंसी से निर्धारित समय में काम पूरा करने के साथ निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तकनीकी या प्रशासनिक समस्या आने पर उसे तत्काल निगम अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए, ताकि काम में अनावश्यक देरी न हो।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम के अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा, अधिशासी अभियंता अखिल गोयल, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत सहित निगम और कार्यकारी एजेंसी के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *