पीसांगन पंचायत समिति की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिला परिषद सीईओ राम प्रकाश ने जताई नाराजगी

पीसांगन पंचायत समिति की समीक्षा बैठक में विकास कार्यों की धीमी प्रगति पर जिला परिषद सीईओ राम प्रकाश ने जताई नाराजगी
Spread the love

अजमेर। जिला परिषद अजमेर के तत्वावधान में 3 नवंबर 2026 को पंचायत समिति पीसांगन के सभागार में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक सीईओ राम प्रकाश की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न योजनाओं के कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विकास अधिकारी, पंचायत समिति पीसांगन, समस्त ग्राम विकास अधिकारी, कनिष्ठ तकनीकी सहायक एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण की समीक्षा

स्वच्छ भारत मिशन के तहत वर्ष 2026-27 में सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के लिए स्वीकृत पांच लक्ष्यों के विरुद्ध सभी पांच कार्यों की स्वीकृति जारी की जा चुकी है। इनमें दो ग्राम पंचायतों के कार्य पूर्ण तथा तीन कार्य प्रगतिरत बताए गए। व्यक्तिगत पारिवारिक शौचालयों के लिए 220 के लक्ष्य के मुकाबले 235 स्वीकृतियां जारी की गईं तथा 240 नई जियो-टैगिंग दर्ज की गई। वहीं, पंचायत समिति की सभी 23 ग्राम पंचायतों में सफाई गतिविधियों के टेंडर अपलोड कर कार्यादेश जारी किए जा चुके हैं। अधिकारियों को दीपावली से पूर्व गांवों में सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना

योजना के तहत वर्ष 2026-27 में 20 लाख रुपये की लागत के एक कार्य को स्वीकृति दी गई है। वर्ष 2025-26 एवं 2026-27 के कुल दो कार्यों में एक कार्य प्रारंभ नहीं हुआ तथा एक कार्य प्रगतिरत है। स्वीकृत 39.99 लाख रुपये के विरुद्ध भुगतान शून्य रहने पर नाराजगी जताते हुए 15 दिसंबर तक दोनों कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

अटल ज्ञान केंद्र एवं स्वामित्व योजना

अटल ज्ञान केंद्र के तहत आठ लाख रुपये के बजट प्रावधान के विरुद्ध सात ग्राम पंचायतों में सिविल कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कंप्यूटर एवं फर्नीचर व्यवस्था के लिए छह निविदाएं जारी कर पांच कार्यादेश दिए जा चुके हैं। अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

स्वामित्व योजना के तहत सर्वे ऑफ इंडिया से प्राप्त 64 मैप-1 में से 51 मानचित्र वापस भेजे गए हैं, जबकि 13 मानचित्र लंबित हैं। मैप-2 के अंतर्गत 51 गांवों के मानचित्र प्राप्त हुए हैं। कुल 22,804 प्रॉपर्टी पार्सल में से 15,550 पट्टे/प्रॉपर्टी पार्सल वितरित किए जा चुके हैं। शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण पर विशेष जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के तहत वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 में स्वीकृत आवासों की समीक्षा की गई। जिन लाभार्थियों को तीसरी किस्त जारी हो चुकी है, उनके अपूर्ण आवासों को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही आवास सहायकों की कार्यप्रणाली मजबूत करने तथा आवासों में पेयजल, विद्युत, शौचालय एवं नरेगा मजदूरी का शत-प्रतिशत कन्वर्जेंस सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जल संचय-जन भागीदारी एवं विधायक-सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना

जल संचय-जन भागीदारी (JSJB 3.0) के तहत पंचायत समिति पीसांगन में 2,875 कार्यों के लक्ष्य के विरुद्ध 1,126 कार्य पूर्ण हो चुके हैं तथा 83 कार्य प्रगतिरत हैं। शेष कार्यों को भी 15 दिसंबर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

सांसद एवं विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजनाओं के तहत लंबित एवं अप्रारंभ कार्यों को शीघ्र शुरू करने तथा पूर्ण कार्यों के उपयोगिता एवं पूर्णता प्रमाण पत्र जिला परिषद को भिजवाने के निर्देश दिए गए।

अन्य योजनाओं की भी हुई समीक्षा

विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (VB-G RAM-G) के तहत ई-मस्टररोल पर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करने में पाई गई अनियमितताओं पर नाराजगी जताई गई। ग्राम विकास अधिकारियों को ई-मस्टररोल की नियमित निगरानी करने तथा श्रमिक नियोजन के लिए पर्याप्त नवीन कार्य स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए।

महात्मा गांधी जन भागीदारी विकास योजना के तहत कुल तीन कार्य अपूर्ण पाए गए, जिनमें एक कार्य अप्रारंभ तथा दो प्रगतिरत हैं। इन्हें 15 दिनों में पूर्ण करवाने के निर्देश दिए गए।

वहीं, बर्तन बैंक योजना के तहत 23 ग्राम पंचायतों में से केवल तीन में बर्तन बैंक स्थापित होने की जानकारी सामने आई। शेष ग्राम पंचायतों में निर्धारित समयसीमा के अनुसार बर्तन बैंक स्थापित करने के निर्देश दिए गए। राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों का समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा किसी भी स्तर पर प्रकरण लंबित नहीं रखने की हिदायत भी दी गई।

बैठक के अंत में अधिकारियों को सभी योजनाओं में लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *