अरांई में आज होगी विकास योजनाओं की समीक्षा, किशनगढ़ में 19 नवंबर को बैठक
अजमेर। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की योजनाओं की जमीनी प्रगति जांचने के लिए जिला परिषद की ओर से पंचायत समिति स्तर पर समीक्षा बैठकों का कार्यक्रम जारी किया गया है। इसके तहत अरांई में आज और किशनगढ़ पंचायत समिति में 19 नवंबर को समीक्षा बैठक आयोजित होगी।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) रामप्रकाश ने दोनों पंचायत समितियों के विकास अधिकारियों को सभी योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट और संबंधित स्टाफ के साथ बैठक में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं।
15 प्रमुख योजनाओं की होगी समीक्षा
बैठक में स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना, अटल ज्ञान केंद्र, स्वामित्व योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन योजना 2.1 एवं 2.2 सहित करीब 15 योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
इसके अलावा वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 की बजट घोषणाओं के तहत स्वीकृत विकास कार्यों की स्थिति भी जांची जाएगी।
ओपन जिम से लेकर रोजगार मिशन तक की पड़ताल
समीक्षा बैठक में ओपन जिम निर्माण, जल संरक्षण-जन भागीदारी अभियान, विकसित भारत रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) गारंटी, महात्मा गांधी जन भागीदारी विकास योजना, बर्तन बैंक और संपर्क पोर्टल से जुड़े कार्यों की भी समीक्षा होगी।
इसके साथ ही सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MPLADS) और विधायक स्थानीय क्षेत्र विकास योजना (MLALAD) के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति पर भी चर्चा की जाएगी।
फाइलों के साथ धरातल पर काम भी देखेंगे अधिकारी
CEO रामप्रकाश के अनुसार समीक्षा का उद्देश्य केवल प्रगति रिपोर्ट लेना नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वीकृत विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना है। इसमें योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचने, बजट घोषणाओं के कार्यों की प्रगति और लंबित कार्यों में देरी के कारणों की जानकारी ली जाएगी।