राजस्थान में पंचायत चुनाव का चौथा और अंतिम चरण शांतिपूर्ण संपन्न, राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जताया आभार

राजस्थान में पंचायत चुनाव का चौथा और अंतिम चरण शांतिपूर्ण संपन्न, राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने जताया आभार
Spread the love

जयपुर। राजस्थान में ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ के तहत पंचायत चुनाव के चौथे और अंतिम चरण की निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। अंतिम चरण में प्रदेशभर में सरपंच, वार्ड पंच एवं उप सरपंच के चुनाव कराए गए। चुनाव प्रक्रिया के सफल समापन पर राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने निर्वाचन कार्य में जुटे अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों एवं सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

राज्य निर्वाचन आयुक्त राजेश्वर सिंह ने कहा कि सुनियोजित, सुव्यवस्थित, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से चुनाव संपन्न कराने में राज्य निर्वाचन आयोग की पूरी टीम, पर्यवेक्षकों, जिला प्रशासन, रिटर्निंग अधिकारियों, मतदान दलों तथा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने ग्राम विकास अधिकारियों, पटवारियों, शिक्षकों, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और स्काउट-गाइड के बाल स्वयंसेवकों के योगदान की भी सराहना की।

20 जिलों का किया दौरा, चुनाव प्रबंधन की सराहना

राजेश्वर सिंह ने बताया कि निकाय एवं पंचायत चुनावों के दौरान उन्होंने स्वयं प्रदेश के कुल 20 जिलों का दौरा किया। इस दौरान प्रत्येक जिले में जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं जिला पुलिस अधीक्षकों के नेतृत्व में चुनाव प्रबंधन से जुड़ी टीम को पूरी निष्ठा, ऊर्जा, उत्साह और सक्रियता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए पाया।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों का सहयोग सराहनीय रहा है। इसके लिए वे सभी के आजीवन ऋणी रहेंगे।

शांतिपूर्ण मतदान के लिए प्रदेशवासियों का जताया आभार

राज्य निर्वाचन आयुक्त ने राजस्थान की शांतिप्रिय एवं अनुशासित जनता का भी अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि प्रदेशवासियों ने प्रेम, सद्भाव और भाईचारे की गौरवशाली परंपरा को कायम रखते हुए शांतिपूर्ण वातावरण में अपने लोकतांत्रिक मताधिकार का प्रयोग किया तथा निर्वाचन आयोग एवं जिला प्रशासन को पूरा सहयोग दिया।

नवनिर्वाचित सरपंचों को दी शुभकामनाएं

चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद राज्य निर्वाचन आयुक्त ने सभी नवनिर्वाचित सरपंचों एवं उनकी टीम को सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में गांवों के सर्वांगीण विकास की संकल्पना साकार होगी तथा स्वच्छ, हरित, शिक्षित एवं विकसित राजस्थान के निर्माण को नई गति मिलेगी।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *