पुष्कर मेला 2026 का भव्य शुभारंभ: कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने किया ध्वजारोहण, 1 करोड़ की घोड़ी ‘नगीना’ बनी आकर्षण
पुष्कर (अजमेर)। विश्व प्रसिद्ध पुष्कर मेला 2026 का मंगलवार को गोपाष्टमी के अवसर पर भव्य शुभारंभ हुआ। नगाड़ों की गूंज और राजस्थानी लोक संगीत के बीच कैबिनेट मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने पूजा-अर्चना कर ध्वजारोहण किया। इस दौरान पुलिस की सलामी दी गई। उद्घाटन समारोह में देशी-विदेशी पर्यटकों की भारी उत्सुकता देखने को मिली।
कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत ने नगाड़ा बजाकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि पुष्कर मेला राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का महत्वपूर्ण केंद्र है। हर साल मेले में कुछ नया करने का प्रयास किया जाता है। इस बार भी पर्यटकों के लिए कई नए कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
विदेशी कलाकार ने नगाड़े पर गाया मामे खान का गीत
उद्घाटन समारोह में अंतरराष्ट्रीय नगाड़ा वादक नाथूलाल सोलंकी की टीम ने शानदार प्रस्तुति दी। टीम में करीब छह देशों के विद्यार्थी नगाड़ा वादन सीख रहे हैं। ब्राजील की कलाकार साल्वे ने नगाड़े की थाप पर लोक गायक मामे खान का गीत ‘छुप ना जाओ जी’ प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति ने देशी-विदेशी पर्यटकों का ध्यान आकर्षित किया।
फुटबॉल मुकाबले में विदेशी टीम ने भारत को 5-1 से हराया
पुष्कर मेले में ‘चक दे इंडिया’ थीम पर भारतीय और विदेशी पर्यटकों के बीच फुटबॉल मैच आयोजित किया गया। सात देशों के विदेशी पर्यटकों की टीम ने भारतीय टीम को 5-1 से हराया। मैच के बाद नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया ने विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित किया।
हॉर्स शो में बिदका भैंसा, दो घोड़े गिरे
मेले के हॉर्स शो में अजमेर जिला पुलिस के जवानों ने घोड़ों पर सवार होकर रोमांचक करतब दिखाए। इसी दौरान ढोल की थाप पर एक भैंसा अचानक बिदक गया। उसने दो घोड़ों पर हमला कर उन्हें गिरा दिया। भैंसे ने पास खड़ी एक जीप को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद कुछ देर के लिए मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
एक करोड़ की घोड़ी ‘नगीना’ देखने उमड़ी भीड़
पुष्कर पशु मेले में करीब एक करोड़ रुपये कीमत की घोड़ी ‘नगीना’ आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है। इसके अलावा कोटा से लाया गया पांच वर्षीय ग्रेट डेन नस्ल का डॉग भी पर्यटकों के बीच चर्चा में है। 40 इंच से अधिक ऊंचाई वाले इस डॉग को देखने और उसके साथ फोटो खिंचवाने के लिए लोग पहुंच रहे हैं। मालिक के अनुसार इसे बिक्री के लिए नहीं, बल्कि प्रदर्शन के लिए लाया गया है।
कई वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
उद्घाटन समारोह में संभागीय आयुक्त शक्ति सिंह राठौड़, जिला कलेक्टर लोकबंधु, पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला, पुष्कर नगर परिषद सभापति राजेंद्र बाकोलिया सहित अन्य अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मेला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. नवीन परिहार ने अतिथियों का स्वागत किया।
पुष्कर मेला एक बार फिर राजस्थान की लोक संस्कृति, पशुधन परंपरा और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन का अनूठा संगम बनकर सामने आया है।