रोटरी क्लब, अजमेर द्वारा नि:शुल्क, बैटरी व मोटर चालित, कृत्रिम हाथ शिविर, 5 व 6 दिसंबर को

रोटरी क्लब, अजमेर द्वारा नि:शुल्क, बैटरी व मोटर चालित, कृत्रिम हाथ शिविर, 5 व 6 दिसंबर को
Spread the love

अजमेर। जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में रोटरी क्लब अजमेर की ओर से विशेष पहल की जा रही है। रोटरी क्लब अजमेर, इनाली फाउंडेशन पुणे और रोटरी क्लब पुणे डाउनटाउन के संयुक्त तत्वावधान में तथा जूनिपर ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के सीएसआर सहयोग से 5 एवं 6 दिसंबर को निःशुल्क कृत्रिम हाथ शिविर आयोजित किया जाएगा।

शिविर के प्रोजेक्ट चेयरमैन राजीव तोषनीवाल ने बताया कि पंचशील ए ब्लॉक स्थित रोटरी भवन (राजीव सर्किल के पास, सीएसएम मॉल एवं डीमार्ट के मध्य) में आयोजित शिविर में एक या दोनों हाथ गंवा चुके जरूरतमंद लोगों को बैटरी एवं मोटर चालित इलेक्ट्रॉनिक कृत्रिम हाथ बिल्कुल निःशुल्क लगाए जाएंगे। इन कृत्रिम हाथों का बाजार मूल्य 25 हजार रुपये से अधिक है।

क्लब अध्यक्ष मनोज डबराल ने बताया कि जिन दिव्यांगजनों के हाथ का कुछ हिस्सा कंधे या कोहनी के नीचे कम से कम दो-तीन इंच मौजूद है और जिनकी आर्थिक स्थिति कमजोर है, वे इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे। कृत्रिम हाथ बिना किसी सर्जरी के लगाया जाएगा। इसे पहनना और निकालना आसान है तथा इसकी मदद से लाभार्थी दैनिक जीवन के अधिकांश कार्य आसानी से कर सकेंगे। इससे उनका आत्मविश्वास बढ़ने के साथ आत्मनिर्भरता को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

क्लब सचिव सुबोध सूरी ने बताया कि शिविर में शामिल होने के लिए आधार कार्ड नंबर और हाथों की फोटो के साथ अग्रिम पंजीकरण अनिवार्य है। अब तक 46 लोगों का पंजीकरण हो चुका है। इनमें दुर्घटना के कारण हाथ गंवाने वाले तथा जन्म से ही कोहनी के नीचे हाथ नहीं होने वाले दिव्यांगजन शामिल हैं। शिविर में राजस्थान के 70 से अधिक लाभार्थियों को कृत्रिम हाथ उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

निवर्तमान अध्यक्ष कुलदीप सिंह गहलोत ने बताया कि रोटरी क्लब अजमेर की स्थापना वर्ष 1945 में हुई थी। रोटरी का मुख्य उद्देश्य समाज सेवा, नैतिक नेतृत्व, अंतरराष्ट्रीय समझ, शांति एवं सद्भाव को बढ़ावा देना है। इसका आदर्श वाक्य ‘Service Above Self’ अर्थात स्वयं से ऊपर सेवा है। उन्होंने बताया कि रोटरी इंटरनेशनल ने वर्ष 1985 में पोलियो उन्मूलन के लिए पोलियोप्लस कार्यक्रम शुरू किया था, जिसमें विश्व स्वास्थ्य संगठन, यूनिसेफ और बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन जैसी संस्थाओं का भी सहयोग रहा। वर्तमान में रोटरी विश्वभर में समाज सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रही है।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *