अजमेर जिले में 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
अजमेर जिले में 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक चलेगा विशेष स्वच्छता अभियान
विश्व शौचालय दिवस पर जिला परिषद की पहल, ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में होंगे जागरूकता कार्यक्रम
अजमेर, 19 नवंबर। विश्व शौचालय दिवस-2026 के अवसर पर जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), अजमेर के तत्वावधान में जिलेभर में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान शुरू किया गया है। यह अभियान 19 नवंबर से 10 दिसंबर तक संचालित होगा। इसके तहत ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में विभिन्न स्वच्छता गतिविधियों, संवाद कार्यक्रमों और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राम प्रकाश (IAS) ने बताया कि अभियान संयुक्त राष्ट्र संघ (UNO) की निर्धारित थीम “स्वच्छ शौचालय-गरिमामय भविष्य” पर आधारित है। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना, सुरक्षित शौचालय सुविधाओं के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाना है।
उन्होंने बताया कि 19 नवंबर को विश्व शौचालय दिवस के विशेष आयोजन के साथ अभियान की शुरुआत की गई है। इसके तहत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता संबंधी गतिविधियां आयोजित कर आमजन को स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालयों के महत्व की जानकारी दी जाएगी।
अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिशी शर्मा ने नागरिकों से अपील की कि प्रत्येक परिवार अपने घर में स्वच्छ शौचालय की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ उसका नियमित उपयोग करे। शौच के बाद तथा भोजन से पूर्व साबुन और पानी से हाथ धोने की आदत अपनाएं। साथ ही घरों, सार्वजनिक स्थलों और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में अपनी भागीदारी निभाएं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता संबंधी अच्छी आदतों को अपनाकर संक्रामक बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। इसके लिए जिले के सभी नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, युवाओं एवं सामाजिक संगठनों से अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने तथा स्वच्छ, स्वस्थ एवं समृद्ध भारत के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया है।