सिलोरा पंचायत समिति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, पांच ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी करने के निर्देश

सिलोरा पंचायत समिति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, पांच ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी करने के निर्देश
Spread the love

सिलोरा पंचायत समिति में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, पांच ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी करने के निर्देश

सीईओ राम प्रकाश ने योजनाओं की ग्राम पंचायतवार समीक्षा की, एईएन और योजना प्रभारी को भी नोटिस जारी होंगे

आवाज राजस्थान की | अजमेर।

अजमेर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (IAS) राम प्रकाश ने गुरुवार को सिलोरा पंचायत समिति सभागार में पंचायतीराज विभाग से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की ग्राम पंचायतवार समीक्षा बैठक ली। बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही, निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरे नहीं होने तथा समीक्षा बैठक में विलंब से पहुंचने वाले कार्मिकों के प्रति सीईओ ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने लापरवाही बरतने पर पांच ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायत पनेर में कम्युनिटी शौचालय का निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में पूरा नहीं होने पर सीईओ ने गहरी नाराजगी जताई। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को चार्जशीट जारी करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार श्यामा प्रसाद मुखर्जी योजना के अंतर्गत निर्धारित समय पर टेंडर प्रक्रिया पूरी नहीं करने पर योजना प्रभारी एवं सहायक अभियंता (एईएन) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना एवं स्वामित्व योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के मुकाबले कम उपलब्धि पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्मिकों को फटकार लगाई गई। सीईओ ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में तय समय सीमा के भीतर लक्ष्य पूरे किए जाएं तथा कार्यों की प्रगति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्राम पंचायत स्तर पर संचालित किए जाने वाले बर्तन बैंक की वित्तीय स्वीकृति जारी नहीं होने पर भी सीईओ ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में वीबी-जी राम जी योजना, सांसद एवं विधायक कोष सहित पंचायतीराज विभाग की विभिन्न योजनाओं की पंचायतवार प्रगति की समीक्षा की गई। सीईओ राम प्रकाश ने अधिकारियों एवं ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाएं और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर सुनिश्चित करें।

बैठक में विकास अधिकारी रेखा मीणा सहित पंचायत समिति स्तरीय अधिकारी एवं सभी ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारी मौजूद रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *