सुनीता लांबा बनीं अजमेर की उप जिला प्रमुख, कांग्रेस की रजिया को 9 वोट से हराया

सुनीता लांबा बनीं अजमेर की उप जिला प्रमुख, कांग्रेस की रजिया को 9 वोट से हराया
Spread the love

अजमेर। अजमेर जिला परिषद में उप जिला प्रमुख पद पर भाजपा की सुनीता लांबा निर्वाचित हुई हैं। गुरुवार को हुए चुनाव में उन्होंने कांग्रेस की रजिया को 9 मतों से हराया। सुनीता लांबा को 21 और रजिया को 12 वोट मिले। इस जीत के साथ भाजपा ने जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर कब्जा कर लिया।

जिला परिषद में कुल 33 सदस्य हैं। इनमें भाजपा के 19, कांग्रेस के 12 और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के 2 सदस्य हैं। इससे पहले जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा की पूजा भंसाली को भी 21 वोट मिले थे। दोनों चुनावों में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशियों को पार्टी के 19 सदस्यों के अलावा दो अतिरिक्त वोट मिले।

सुनीता लांबा पूर्व मंत्री एवं किसान नेता सांवरलाल जाट की पुत्रवधू हैं। वह नसीराबाद विधायक रामस्वरूप लांबा के भाई की पत्नी भी हैं।

सुनीता के नाम पर संगठन ने लगाई मुहर

भाजपा की बाड़ेबंदी के दौरान बुधवार रात उप जिला प्रमुख पद के लिए संपत सिंह रावत, सुनीता लांबा, जगदीश लांबा और पंकज के नामों पर चर्चा हुई थी। बताया गया कि सुनीता शुरुआत में चुनाव लड़ने की इच्छुक नहीं थीं।

गुरुवार सुबह तीन नामों पर फिर चर्चा हुई। इसके बाद भाजपा जिला देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत ने सुनीता लांबा के नाम का समर्थन करते हुए उनके नाम पर मुहर लगाई।

कैबिनेट मंत्री सुरेश रावत की भूमिका भी चर्चा में

जिला परिषद चुनाव में भाजपा की जीत के बाद कैबिनेट मंत्री सुरेश सिंह रावत की भूमिका भी चर्चा में रही। इससे पहले पुष्कर नगर परिषद में भाजपा का बोर्ड बनने के बाद अब अजमेर जिला परिषद में पूजा भंसाली को जिला प्रमुख बनाने में भी उनकी भूमिका बताई गई है। पूजा भंसाली को उनके विधानसभा क्षेत्र के वार्ड से टिकट दिलाया गया था।

भाजपा ने 19 सदस्यों के साथ हासिल किए 21 वोट

उप जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा के 19 सदस्य होने के बावजूद सुनीता लांबा को 21 वोट मिले। इस तरह उन्हें दो अतिरिक्त वोट मिले। कांग्रेस की रजिया को पार्टी के सभी 12 सदस्यों के वोट मिले।

पिछले जिला परिषद चुनाव में भाजपा के 21 सदस्य होने के बावजूद पार्टी जिला प्रमुख और उप जिला प्रमुख दोनों पदों पर हार गई थी। उस समय भाजपा की बागी सुशील कंवर पलाड़ा ने जिला प्रमुख पद पर 23 वोट लेकर जीत दर्ज की थी। भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी महेंद्र सिंह मझेवला को 9 वोट मिले थे।

उप जिला प्रमुख चुनाव में भी भाजपा के बागी हगामीलाल चौधरी ने जीत दर्ज की थी। उस समय भाजपा के 9 सदस्य मतदान से दूर रहे थे। इस बार भाजपा ने दोनों प्रमुख पदों पर जीत दर्ज की है।

कांग्रेस की रजिया को मिले 12 वोट

कांग्रेस ने वार्ड नंबर 5 से निर्वाचित रजिया को उप जिला प्रमुख पद का प्रत्याशी बनाया था। उनके पति वाजिद खान चीता मसूदा से विधानसभा चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं।

कांग्रेस के पास जिला परिषद में 12 सदस्य थे और रजिया को भी 12 वोट मिले। नामांकन के दौरान पूर्व विधायक डॉ. श्रीगोपाल बाहेती भी मौजूद रहे।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *