केकड़ी में भाजपा की प्रकाश कंवर बनीं प्रधान, 8-7 के अंतर से कांग्रेस को हराया

केकड़ी में भाजपा की प्रकाश कंवर बनीं प्रधान, 8-7 के अंतर से कांग्रेस को हराया
Spread the love

केकड़ी में भाजपा की प्रकाश कंवर बनीं प्रधान, 8-7 के अंतर से कांग्रेस को हराया

भाजपा ने बरकरार रखा अपना संख्याबल, शांतिदेवी कुमावत को मिली हार; मतदान के बाद पंचायत समिति सदस्य यामिनी चौहान के अलग गाड़ी से रवाना होने पर मचा हंगामा

केकड़ी। केकड़ी पंचायत समिति में प्रधान पद के चुनाव में भाजपा ने अपना बहुमत बरकरार रखते हुए सत्ता पर कब्जा जमा लिया। शुक्रवार को हुए मतदान में भाजपा प्रत्याशी प्रकाश कंवर ने कांग्रेस की शांतिदेवी कुमावत को एक मत से पराजित कर प्रधान पद हासिल किया। प्रकाश कंवर को 8 मत मिले, जबकि शांतिदेवी कुमावत के पक्ष में 7 मत पड़े।

गौरतलब है कि केकड़ी पंचायत समिति के कुल 15 वार्डों में हुए चुनाव में भाजपा के 8 और कांग्रेस के 7 सदस्य निर्वाचित हुए थे। प्रधान पद के चुनाव में भी यही संख्याबल देखने को मिला। भाजपा के सभी आठ सदस्यों ने प्रकाश कंवर के पक्ष में मतदान किया और पार्टी प्रधान पद पर अपना कब्जा बरकरार रखने में सफल रही।

निर्वाचन अधिकारी ने घोषित किया परिणाम

निर्वाचन पंजीयन एवं उपखंड अधिकारी सुरेश कुमार बलाई ने बताया कि शुक्रवार को पंचायत समिति कार्यालय में प्रधान पद के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई गई। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया गया। प्रकाश कंवर की जीत की घोषणा होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने नवनिर्वाचित प्रधान का स्वागत कर उन्हें बधाई दी।

यामिनी चौहान के अलग गाड़ी से रवाना होने पर चर्चा

प्रधान चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद भाजपा खेमे में उस समय असहज स्थिति देखने को मिली, जब पंचायत समिति सदस्यों और प्रत्याशियों के रवाना होने के दौरान हंगामे जैसी स्थिति बन गई।

बताया जा रहा है कि वार्ड संख्या एक से निर्वाचित पंचायत समिति सदस्य यामिनी चौहान अन्य सदस्यों से अलग दूसरी गाड़ी में बैठकर रवाना होने लगीं। इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं रुकीं और अपनी गाड़ी से रवाना हो गईं। इसके बाद मौके पर मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच कहासुनी हो गई।

इस घटनाक्रम के बाद यामिनी चौहान की नाराजगी को लेकर भी चर्चाएं शुरू हो गईं। हालांकि उनके अलग गाड़ी से रवाना होने के पीछे की वास्तविक वजह और नाराजगी को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है।

केकड़ी पंचायत समिति के प्रधान चुनाव में भाजपा ने अपने आठ सदस्यों के समर्थन से सत्ता हासिल की, वहीं चुनाव परिणाम के बाद सामने आए घटनाक्रम ने स्थानीय राजनीतिक गलियारों में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

Vijay Kumar Parashar

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *