ब्यूरोक्रेसी हावी, शासन गायब: अजमेर में बोलीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह

ब्यूरोक्रेसी हावी, शासन गायब: अजमेर में बोलीं महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सारिका सिंह
Spread the love

अजमेर। राजस्थान प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष सारिका सिंह ने शनिवार को अजमेर दौरे के दौरान प्रदेश की भाजपा सरकार पर कड़े प्रहार किए। उन्होंने कहा कि “राजस्थान में शासन और सरकार नाम की चीज दिया लेकर भी नहीं मिल रही है।” उन्होंने यह बयान महिला जिलाध्यक्ष लक्ष्मी बुंदेल के पदभार ग्रहण समारोह और नारी न्याय कार्यक्रम में शिरकत के दौरान दिया।

सारिका सिंह ने कहा, “प्रदेश में ब्यूरोक्रेसी शासन पर पूरी तरह हावी हो चुकी है। आम जनता की सुनवाई नहीं हो रही है और जनप्रतिनिधि भी बेबस हैं।” उन्होंने भाजपा सरकार को “पर्ची, भजन, भाषण और भ्रमण” की सरकार बताते हुए कहा कि “मुख्यमंत्री से लेकर मंत्री तक को यह तक नहीं पता कि उनके अधिकार क्या हैं।”

कार्यक्रम में पूर्व आरटीडीसी अध्यक्ष धर्मेंद्र राठौड़, विधायक विकास चौधरी, नेता प्रतिपक्ष द्रौपदी कोली सहित कांग्रेस के अन्य नेता उपस्थित रहे।

महिला अपराधों में वृद्धि, सरकार मौन

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि “अजमेर सहित पूरे राजस्थान में महिला अपराधों में बढ़ोतरी हुई है। पिछले 14 महीनों में अत्याचार की घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं, लेकिन पीड़िताओं को न्याय नहीं मिल पा रहा। भाजपा की डबल इंजन सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल साबित हो रही है।”

उन्होंने कहा कि “सरकार के मंत्री खुद असमंजस में हैं, उन्हें यह तक नहीं मालूम कि लॉ एंड ऑर्डर किसके अधीन आता है। ऐसे में जनता के लिए राहत की कोई उम्मीद नहीं बचती।”

‘ट्रिपल इंजन की सरकार’ पर भी निशाना

सारिका सिंह ने अजमेर नगर निगम की स्थिति को लेकर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि “यहां ट्रिपल इंजन की सरकार है, लेकिन कोई जवाबदेही तय नहीं हो रही। पार्षदों को लालच देकर पार्टी बदली जा रही है और आमजन पानी निकासी, सीवरेज और मूलभूत समस्याओं से परेशान है।”

अंत में उन्होंने कहा कि “राजस्थान में आमजन त्रस्त है और ब्यूरोक्रेसी का मनमाना रवैया लोकतांत्रिक प्रणाली को कमजोर कर रहा है। जनता अब बदलाव की राह देख रही है।”

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *