शाही लवाजमे से निकाली वीर तेजाजी की शाही सवारी।


प्रतिभाओं का किया सम्मान।
शाहपुरा 1 सितंबर2025। तेजा दशमी के अवसर पर सोमवार को नगर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल रहा। तहसील क्षेत्र के जाट समाज के तत्वावधान में वीर तेजाजी की शाही सवारी शाही लवाजमे के साथ निकाली गई। जिसमें सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। बालाजी छतरी से निकली यात्रा में आगे ही आगे लोकदेवता तेजाजी का अश्व चल रहा था कई ऊंट, घोडे के साथ निकली सवारी त्रिमूर्ति चौराहे, नई आबादी, उदयभान गेट होते हुए क्लिंजरिगेट जाट छात्रावास पहुंची। शोभायात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। लंबी शोभायात्रा के कारण पौन घंटे तक कुंड गेट से क्लिंजरिगेट तक लम्बा जाम रहा।
शाही सवारी में वीर तेजाजी की प्रतिमा को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान किया गया।शोभायात्रा में कई सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र रही। ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों, डीजे और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की मधुर ध्वनि ने पूरे वातावरण को धार्मिक उत्साह से भर दिया। महिलाएं मंगल गीत गाती चल रही थीं, वहीं युवा पारंपरिक परिधानों में नृत्य करते हुए तेजाजी के जयकारे लगा रहे थे। बच्चों, युवक, युवतियोंऔर बुजुर्ग भी शामिल हुए।
प्रतिभा सम्मान समारोह:- शोभायात्रा के समापन पश्चात अजमेर डेयरी अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी, पन्नालाल जात, सूरजकरण जाट, रामप्रसाद चौधरी, रामधन, भागचंद चाड़ा, सत्यनारायण जाट, बंटी चाड़ा, रामप्रसाद गौरा सहित क्षेत्र के वरिष्ठजनों की अगुवाई में जाट छात्रावास में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में समाज के वरिष्ठ नागरिकों का स्वागत करते हुए शिक्षा व खेल जगत से जुड़े प्रतिभावान बच्चों का सम्मान कर उन्हें पारितोषिक दिया गया।
इस अवसर पर समाज के पदाधिकारियों ने वीर तेजाजी के जीवन और उनके बलिदान की प्रेरणादायी गाथा को याद किया। वक्ताओं ने कहा कि तेजाजी लोकदेवता के रूप में जन-जन के आराध्य हैं, जिन्होंने सत्य, धर्म और वचनपालन के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।
शोभायात्रा से पूर्व जाट समाज के सैकड़ों युवाओं ने नगर में वाहन रैली भी निकाली।
शाहपुरा के तहनाल गेट, कुंड गेट, कलिंजरी गेट तेजाजी के मंदिरों में रात्री जागरण के साथ विशेष पूजा, धार्मिक अनुष्ठान, हवन आहूत हुए। तहनाल गांव में तेजाजी का एक दिवसीय मेले में सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे।