शाहपुरा में 21 को हर्षौल्लास के साथ मनाई जाएगी दिवाली।

दो तिथियों का एक साथ समागम से बनी भ्रम की स्थिति।
तिथियों को लेकर नागरिकों में असमंजस।
शाहपुरा 14 अक्टूबर 2025। हिंदू पंचाग में इस बार एक दिवस में दो तिथियां का साथ में मिलने से शाहपुरा में दीपावली का त्यौहार एवं पूजन को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसे लेकर सोमवार को व्यापार मंडल अध्यक्ष बालमुकुंद तोषनीवाल की अध्यक्षता और नगर पालिका अध्यक्ष रघुनंदन सोनी के सानिध्य में कई व्यापार मंडलों एवं नगर के प्रभुत्व जनों की सामूहिक बैठक आयोजित हुई। बैठक में ज्योतिषाचार्य से गहन परामर्श के बाद सामूहिक निर्णय लिया गया कि 21 अक्टूबर को ही दिवाली हर्षौल्लास के साथ मनाई जाएगी। बैठक में यह भी तय हुआ कि दीपावली के अगले दिन गोवर्धन पूजा और भाईदूज पारंपरिक रीति से मनाए जाएंगे।
तिथि भ्रम को लगा विराम: ज्योतिषाचार्यों की गणना से सामने आया कि 20 अक्टूबर को कार्तिक कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी और सोमवती अमावस्या के एक साथ होने, साथ ही आश्विन अमावस्या 20 अक्टूबर दोपहर 3:45 से शुरू होकर 21 अक्टूबर सायं तक रहने से लक्ष्मी पूजन और दीपावली की तिथि को लेकर असमंजस की स्थिति थी। ज्योतिषीय गणनाओं के आधार पर उदय तिथि 21 अक्टूबर को होने से दीपावली इसी दिन मनाई जाएगी।
नगर पालिका अध्यक्ष सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष सहित सभी व्यापार मंडल के पदाधिकारियों सदस्यों तथा गणमान्य नागरिकों ने श्रेत्र के नागरिकों से 21 अक्टूबर को दीपोत्सव, लक्ष्मीपूजन उत्साहपूर्वक मनाने और नगर को प्रकाशमय बनाने की अपील की। नगर पालिका द्वारा विद्युत सजावट: अध्यक्ष सोनी ने बताया कि पालिका प्रशासन की ओर से नगर के मुख्य मार्गों में आकर्षक विद्युत सजावट करते हुए तोरणद्वार, रंगबिरंगी, चमकीली फेरियों, पताका से सजाया जा रहा है। मुख्य चौराहों, त्रिमूर्ति बाहरठ शहीद स्मारक, गोकुल लाल असावा, मुखर्जी सर्किल, महाराणा प्रताप सर्किल, परशुराम, अहिंसा सर्किल अन्य खास स्थानों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुलभ व सुचारू बनाए रखने, नगर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए सफाईकर्मचारियों की विशेष टीमों का गठन किया गया है।
इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष सोनी, व्यापार मंडल अध्यक्ष तोषनीवाल सहित मंत्री देवेंद्र झंवर, उपाध्यक्ष आनंद सेठी, सर्राफा संघ अध्यक्ष सत्यप्रकाश बेली, कपड़ा एसोसिएशन अध्यक्ष ओमप्रकाश सिंधी, खाद बीज व्यापार संघ अध्यक्ष रामप्रसाद हेडा, जनरल स्टोर संगठन अध्यक्ष अनिल चौधरी, मोबाइल एसोसिएशन के शांतिलाल मामोडिया, सेनेटरी संगठन के सुधीर जेथलिया और व्यापार मंडल के महावीर तोषनीवाल, धीरज मूंदड़ा विभिन्न संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी सहित अन्य गणमान्य उपस्थित थे।