अवैध खनन अभियान को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित

अवैध खनन अभियान को लेकर जिला कलक्टर की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित
Spread the love

अजमेर, 23 जून। जिला कलक्टर लोक बन्धु की अध्यक्षता में जिले में अवैध खनन गतिविधियों तथा खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण एवं अवैध खनन निगरानी समिति की जिला स्तरीय बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में अब तक जिले में अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण के विरूद्ध की गई कार्यवाही के संबंध में अवगत कराया। जिला कलक्टर लोक बन्धु ने पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में अधिक कार्यवाही किए जाने के निर्देश दिए।

जिला कलक्टर लोक बन्धु द्वारा जिले में अवैध खनन एवं निर्गमन की प्रभावी रोकथाम के लिए तथा खनिज विकास, पर्यावरण संरक्षण के लिए जिले के अवैध खनन, निर्गमन तथा भण्डारण के संवेदनशील क्षेत्रों पर एसआईटी सदस्य विभागों द्वारा योजनाबद्ध तरीके से संयुक्त कार्यवाही किए जाने के लिए निर्देशित किया गया। जिले में खनिज बजरी के चालू खनन पट्टों में नियमानुसार खनन कार्य किए जाने के लिए पट्टेधारियों को पाबन्द कराये जाने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में खनिज बजरी के अवैध खनन, निर्गमन एवं भण्डारण की प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण कर नियमानुसार कार्यवाही करने के निर्देश प्रदान किए गए। जिले में कहीं पर भी अवैध खनन नहीं हो यह सुनिश्चित करने के लिए सभी सदस्य विभागों को निर्देशित किया गया।

उन्होंने कहा कि वैध खनन केवल आंवटित क्षेत्र की सीमा में ही होना चाहिए। इसकी पूरी निगरानी की जाए। जिले में अवैध खनन के संदिग्ध स्थानों पर से इस प्रकार की गतिविधियां रोके जाने की आवश्यकता है। वन भूमि तथा अजमेर विकास प्राधिकरण की भूमि पर भी अवैध खनन रोकने की कार्यवाही करें। मानसून के दौरान लीज बन्द होने पर अवैध खनन बढ़ने की संभावना रहती है। इसे रोकने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भी क्षेत्र से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर अन्य विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करें। ओवर लोडिंग वाहनों पर भी लगातार कार्यवाही की जाए। अन्य जिलों से होने वाले अवैध निर्गमन पर भी नजर रखने के लिए निचले स्तर तक तैयारी होनी चाहिए। ऑनलाइन रवन्ना के दुरूपयोग को रोका जाए।

इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर वंदना खोरवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, खनि अभियंता सत्यनारायण कुमावत, सहायक वन संरक्षक विभा चौधरी सहित अधिकारी उपस्थित रहे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *