जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, बहनों ने दिखाया खेल कौशल

जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, बहनों ने दिखाया खेल कौशल
Spread the love

जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ, बहनों ने दिखाया खेल कौशल
नसीराबाद। (अनिल लोहरे) श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर माध्यमिक विद्यालय, देराठू रोड, नसीराबाद में सोमवार को सत्र 2026-27 की जिलास्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में ब्यावर, केकड़ी, अजमेर एवं नसीराबाद संकुल की बहनों की टीमों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सह जिला सचिव भूपेंद्र उबाना, संकुल प्रमुख शक्ति सिंह, विद्यालय प्रबंध समिति अध्यक्ष घिसालाल गुर्जर एवं प्रधानाचार्य राजेश जी सहित सभी टीम प्रभारी, आचार्य एवं दीदी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीपमंत्र के साथ हुआ। इसके बाद विभिन्न आयु वर्गों में खो-खो एवं कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। बाल वर्ग 14 वर्ष खो-खो में ब्यावर संकुल प्रथम एवं केकड़ी संकुल द्वितीय रहा। किशोर वर्ग 17 वर्ष खो-खो में केकड़ी संकुल ने प्रथम तथा सरवाड़ टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। बाल वर्ग 14 वर्ष कबड्डी में श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर नसीराबाद की टीम प्रथम एवं ब्यावर संकुल द्वितीय रही। किशोर वर्ग 17 वर्ष कबड्डी में ब्यावर संकुल प्रथम तथा श्री चंद्रनाथ आदर्श विद्या मंदिर नसीराबाद की टीम द्वितीय रही। वहीं तरुण वर्ग 19 वर्ष कबड्डी में ब्यावर संकुल ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। समापन अवसर पर प्रधानाचार्य राजेश जी द्वारा अतिथियों एवं टीम प्रभारियों का स्वागत स्मृति चिन्ह भेंट कर किया गया। विजेता टीमों एवं सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। सह जिला सचिव भूपेंद्र उबाना ने बहनों को अनुशासन, परिश्रम, टीम भावना तथा हार-जीत को सकारात्मक रूप से स्वीकार करने का संदेश देते हुए विद्या भारती के संस्कारों एवं आचरण को जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य राजेश जी ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन को सफल बनाने में सहयोग करने वाले अतिथियों, टीम प्रभारियों, आचार्य एवं दीदी का आभार व्यक्त किया। प्रतियोगिता ने विद्यालय परिसर में खेल भावना, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं बहनों के सर्वांगीण विकास का सकारात्मक संदेश दिया।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *