अजमेर डेयरी में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, किसानों को ₹100 प्रति लीटर भुगतान का लक्ष्य

अजमेर डेयरी में धूमधाम से मना स्वतंत्रता दिवस, किसानों को ₹100 प्रति लीटर भुगतान का लक्ष्य
Spread the love

अजमेर, 15 अगस्त। अजमेर डेयरी परिसर में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। समारोह में अजमेर डेयरी के अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने दुग्ध उत्पादकों, उपभोक्ताओं और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए डेयरी की 50 वर्षों से अधिक की यात्रा, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं पर विचार रखे।

अध्यक्ष चौधरी ने बताया कि 17 अगस्त 1972 को एक छोटी सी कोठरी में ‘कोटड़ी दुग्ध समिति’ के रूप में महज 34 लीटर दूध के संकलन से अजमेर डेयरी की शुरुआत हुई थी। आज यह संस्था बड़े सहकारी संगठन के रूप में विकसित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष सर्दियों में डेयरी ने 6 लाख लीटर दूध संकलन का आंकड़ा हासिल किया था। आगामी सहकारी वर्ष में इसे बढ़ाकर 7 से 8 लाख लीटर प्रतिदिन तक पहुंचाने का लक्ष्य है। वहीं वर्ष के अंत तक करीब 3 लाख लीटर लिक्विड दूध प्रतिदिन बाजार में पहुंचाने की योजना है।

किसानों को ₹100 प्रति लीटर तक भुगतान का लक्ष्य

रामचंद्र चौधरी ने कहा कि दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक मजबूती अजमेर डेयरी की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि एक समय दूध का भाव महज 50 पैसे प्रति लीटर हुआ करता था, जबकि वर्तमान में दुग्ध उत्पादकों को औसतन ₹62 से ₹63 प्रति लीटर का भुगतान किया जा रहा है। डेयरी का लक्ष्य भविष्य में किसानों को देश में सर्वाधिक करीब ₹100 प्रति लीटर तक का भुगतान सुनिश्चित करना है।

अमूल की बढ़ती मौजूदगी पर जताई चिंता

समारोह में चौधरी ने अमूल की बढ़ती मौजूदगी और सहकारी क्षेत्र में बदलते परिदृश्य पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि करीब 50 वर्ष पहले देश में ‘अमूल पैटर्न’ के आधार पर गांव, जिला और राज्य स्तर पर त्रिस्तरीय सहकारी व्यवस्था विकसित की गई थी। हाल में मल्टी-स्टेट को-ऑपरेटिव एक्ट के तहत हुए नए पंजीकरणों के चलते स्थानीय दुग्ध संघों के सामने नई चुनौतियां खड़ी हुई हैं।

23 अगस्त को तबीजी में ‘सरस सहकार महाकुंभ’

स्थानीय सहकारी व्यवस्था और ‘सरस’ ब्रांड को मजबूत करने के उद्देश्य से 23 अगस्त को अजमेर के तबीजी स्थित कच्छावा गार्डन में विशाल ‘सरस सहकार महाकुंभ’ आयोजित किया जाएगा। डेयरी प्रबंधन के अनुसार इसका उद्देश्य किसानों और उपभोक्ताओं को अपने अधिकारों एवं स्थानीय सहकारी व्यवस्था के प्रति जागरूक कर एकजुट करना है।

कार्यक्रम को लेकर ‘अमूल भगाओ-सरस बचाओ’ और ‘सरस है हमारी शान, यही है अजमेर के किसानों की जान’ जैसे नारों के साथ जनजागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई।

कर्मचारियों की मेहनत को बताया सफलता का आधार

समारोह में अजमेर डेयरी के प्रबंध संचालक रामलाल चौधरी ने भी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डेयरी की प्रगति का श्रेय अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों की मेहनत को देते हुए सभी से आगे भी इसी निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्लांट प्रभारी नगेन्द्र जोशी, प्रोसेस प्रभारी निलेश शर्मा, पीएंडए प्रभारी ओम प्रकाश गुर्जर, मार्केटिंग प्रभारी मुकेश परोदा, लेखा शाखा प्रभारी रोशन कुमार जैन, दिग्विजय सिंह सहित डेयरी के अधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

ठेका श्रमिकों को साल में दो बार DA का लाभ

स्वतंत्रता दिवस समारोह के अंत में अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी ने ठेका श्रमिकों के हित में महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि अजमेर डेयरी में कार्यरत ठेका श्रमिकों को भी स्थायी कर्मचारियों की तर्ज पर वर्ष में दो बार महंगाई भत्ते (DA) का लाभ दिया जाएगा। प्रबंध संचालक रामलाल चौधरी ने भी इस घोषणा का समर्थन करते हुए अपनी सहमति जताई। डेयरी प्रबंधन की इस घोषणा को ठेका श्रमिकों के लिए स्वतंत्रता दिवस की विशेष सौगात के रूप में देखा जा रहा है।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *