गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया महापुरुषों को नमनसत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
गांधी-शास्त्री जयंती पर कांग्रेसजनों ने किया महापुरुषों को नमन
सत्य, अहिंसा, सादगी और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
नसीराबाद। (अनिल लोहरे) राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर नगर कांग्रेस कमेटी नसीराबाद की ओर से श्रद्धा एवं हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम आयोजित किया गया। गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए, वहीं लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया।
इस दौरान कांग्रेसजनों एवं जनप्रतिनिधियों ने दो मिनट का मौन रखकर दोनों महान विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, स्वच्छता एवं राष्ट्रसेवा के विचारों तथा लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, त्याग और राष्ट्र के प्रति समर्पण को स्मरण किया।
वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी ने सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर देश को स्वतंत्रता की राह दिखाई। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और दृढ़ नेतृत्व की मिसाल कायम की। उनका “जय जवान, जय किसान” का संदेश आज भी देशवासियों को प्रेरणा देता है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेसजनों ने दोनों महापुरुषों के आदर्शों को जीवन में अपनाने तथा समाज एवं राष्ट्रहित में समर्पित होकर कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामनारायण गुर्जर, अजमेर ग्रामीण जिला उपाध्यक्ष अजय गौड़, श्रीनगर ब्लॉक अध्यक्ष सम्पत सिंह राठौड़, नगर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश परिहार, नगर पालिका उपाध्यक्ष धनराज मेहरा, पार्षद राजेश कुमार शर्मा, पार्षद प्रियंका मेघवंशी, वार्ड नंबर 2 के पार्षद इस्माइल खान, पार्षद पति रंजन वर्मा, पूर्व पार्षद सुभाष सांखला, शंकर गुर्जर, आमिर खान, पूर्व नगर अध्यक्ष मोहम्मद हुसैन खान, पार्षद पति जितेंद्र सिंह, पूर्व पार्षद एवं पार्षद प्रत्याशी प्रशांत मेहरा, सलमू सहित कांग्रेस कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।