भीलवाड़ा में हिंदू एकता का महाकुंभ, संघ शताब्दी वर्ष पर 25 जनवरी को होगा विराट हिंदू सम्मेलन
भीलवाड़ा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्थापना के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भीलवाड़ा नगर में 25 जनवरी 2026, रविवार को विराट हिंदू सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन संजय कॉलोनी स्थित ब्राह्मणों की कुड़ी परिसर में प्रस्तावित है, जिसे लेकर तैयारियां तेज़ कर दी गई हैं। आयोजन को प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से संघ के कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित कर रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
बैठक में सम्मेलन से जुड़ी व्यवस्थाओं, दायित्वों और संचालन से संबंधित बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान विभिन्न टोलियों का गठन कर कार्यकर्ताओं को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गईं, ताकि आयोजन अनुशासित और गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके। बैठक में संघ से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं दायित्ववान सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
संघ के जिला प्रचार प्रमुख ने जानकारी देते हुए बताया कि यह सम्मेलन हिंदू समाज की एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्र के प्रति कर्तव्यों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का शुभारंभ दोपहर 3 बजे होगा, जिसमें संघ के वरिष्ठ पदाधिकारियों द्वारा विचारोत्तेजक उद्बोधन प्रस्तुत किए जाएंगे। सम्मेलन में संघ की सौ वर्ष की राष्ट्रसेवा यात्रा, उसके सामाजिक योगदान और आगामी शताब्दी के संकल्पों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।
आयोजन समिति के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर भव्य मंच, बैठने की समुचित व्यवस्था और आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सम्मेलन में मातृशक्ति, युवा वर्ग, प्रबुद्धजन सहित समाज के सभी वर्गों को सहभागी बनने का आह्वान किया गया है। इसके लिए नगरभर में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है, ताकि प्रत्येक परिवार तक सम्मेलन का संदेश पहुंचे और अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
यह विराट हिंदू सम्मेलन भीलवाड़ा में सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना के सशक्त प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।