राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजनराजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, भारत रत्न बाबा साहेब
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय में बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती समारोह का भव्य आयोजन
राजस्थान केंद्रीय विश्वविद्यालय, भारत रत्न बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 136वीं जयंती बड़े उत्साह, गरिमा एवं प्रेरणादायी वातावरण में मनाने जा रहा है। यह समारोह बुधवार, 15 अप्रैल 2026 को प्रातः 10:30 बजे विश्वविद्यालय परिसर स्थित सभागार में आयोजित किया जाएगा।
यह आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में संपन्न हो रहा है, जिसका उद्देश्य बाबा साहेब के विचारों, आदर्शों एवं सामाजिक न्याय, समानता और समावेशी विकास के उनके दृष्टिकोण को जन-जन तक पहुँचाना है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान सरकार के माननीय उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेम चंद बैरवा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री इंदु शेखर तत्पुरुष, पूर्व अध्यक्ष, राजस्थान साहित्य अकादमी, जयपुर समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद भालेराव करेंगे।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय द्वारा एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में पहली बार ‘डॉ. बाबासाहेब समाज रत्न पुरस्कार 2026’ प्रदान किया जाएगा। यह पुरस्कार ऐसे व्यक्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से प्रारंभ किया गया है, जिन्होंने समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से अनुसूचित जाति/जनजाति एवं वंचित समुदायों के उत्थान में उल्लेखनीय योगदान दिया है। इस सम्मान के अंतर्गत 51,000 रुपये की नकद राशि,शॉल,स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।
समारोह के अंतर्गत बाबा साहेब के जीवन, संघर्ष एवं विचारों पर आधारित एक प्रेरणादायी फिल्म का प्रदर्शन किया जाएगा, जिससे उपस्थित जनों को उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को और गहराई से समझने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही, विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों में रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता एवं सक्रिय सहभागिता की भावना को प्रोत्साहन मिलेगा।
इसके अतिरिक्त, बाबा साहेब के जीवन, विचारों एवं उनके ऐतिहासिक योगदान को प्रदर्शित करने हेतु एक विशेष प्रदर्शनी (Exhibition) का भी आयोजन किया जाएगा, जो उपस्थित जनों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणास्पद अनुभव सिद्ध होगी।
इस भव्य एवं गरिमामय आयोजन में आमंत्रित अतिथियों के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अधिकारीगण, शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उत्साहपूर्वक सहभागिता करेंगे।