कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को गूंजेगा सायरन

Spread the love

कलक्ट्रेट परिसर में शुक्रवार को गूंजेगा सायरन नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का होगा अभ्यास
बचाव एवं राहत कार्यों के प्रदर्शन के लिए प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां करेंगी संयुक्त ड्रिल
सांय 7.30 बजे सायरन बजते ही शुरू होगा अभ्यास शाम 7 बजे बाद कलक्ट्रेट में आवाजाही रहेगी बंद

अजमेर, 23 अप्रैल। जिला कलक्टर एवं नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा के आदेशानुसार जिले में आपदा प्रबंधन एवं आपातकालीन स्थितियों से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए शुक्रवार, 24 अप्रैल को कलक्ट्रेट परिसर में नागरिक सुरक्षा मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित करना तथा राहत कार्यों की गति को और अधिक प्रभावी बनाना है।

नागरिक सुरक्षा विभाग के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलक्टर श्री नरेन्द्र कुमार मीणा ने बताया कि मॉक ड्रिल का अभ्यास शाम 7.30 बजे प्रारंभ होगा। ड्रिल की शुरुआत सायरन बजाकर की जाएगी। यह किसी भी घटना अथवा आपात स्थिति की चेतावनी का संकेत होगा। इसके पश्चात नागरिक सुरक्षा के स्वयंसेवकों और विभिन्न सुरक्षा एजेंसियों द्वारा राहत एवं बचाव कार्यों का जीवन्त प्रदर्शन किया जाएगा। अभ्यास पूर्ण होने के पश्चात ऑल क्लियर (स्थिति सामान्य) का सायरन बजाकर ड्रिल का समापन किया जाएगा।

इस महत्वपूर्ण मॉक ड्रिल में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, चिकित्सा विभाग, अग्निशमन सेवा और विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों सहित जिले की प्रमुख सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय रूप से भाग लेंगी। सुरक्षा और सुचारू अभ्यास सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार शाम 7 बजे के बाद कलक्ट्रेट परिसर में बाहरी व्यक्तियों और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी।

अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (शहर) एवं नोडल अधिकारी ने आमजन से अपील की है कि सायरन की आवाज सुनकर किसी भी प्रकार से भयभीत होने की आवश्यकता नहीं है। किसी अफवाह पर ध्यान नहीं दें। यह केवल एक प्रशिक्षण अभ्यास है। यह सार्वजनिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। जिला त्वरित कार्यवाही दल और ईओसी कंट्रोल रूम को भी इस दौरान पूर्ण रूप से अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *