अजमेर में कियोस्क आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रितएक ही छत के नीचे मिलेगा विभिन्न व्यंजनों का स्वादस्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 6 कियोस्क का होगा आवंटन
अजमेर में कियोस्क आवंटन के लिए आवेदन आमंत्रित
एक ही छत के नीचे मिलेगा विभिन्न व्यंजनों का स्वाद
स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए 6 कियोस्क का होगा आवंटन
राजस्थान के मूल निवासियों को मिलेगी प्राथमिकता
अजमेर, 23 अप्रैल। अजमेर शहर के प्रमुख पर्यटन और व्यावसायिक केंद्र वैशाली नगर स्थित अरबन हाट में आमजन को एक ही छत के नीचे लजीज व्यंजनों और विविध खाद्य सामग्रियों का लुत्फ देने के लिए आधुनिक फूड कोर्ट तैयार किया गया है। अरबन हाट प्रशासन ने इस फूड कोर्ट में निर्मित 6 आकर्षक दुकानों (कियोस्क) को किराये पर आवंटन, संचालन एवं प्रबंधन के लिए इच्छुक व्यक्तियों और फर्मों से आवेदन आमंत्रित किए हैं।
वरिष्ठ प्रबन्धक, अरबन हाट ने जानकारी देते हुए बताया कि इन कियोस्क के आवंटन के लिए आवेदन प्रपत्र 14 मई की सायं 5 बजे तक कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए तकनीकी आवेदन प्रपत्र और वित्तीय प्रस्ताव अलग-अलग सीलबंद लिफाफों में 19 मई को सायं 5 बजे तक अरबन हाट कार्यालय में जमा कराए जा सकेंगे। प्राप्त तकनीकी प्रस्तावों को 22 मई को प्रातः वरिष्ठ प्रबन्धक कार्यालय में आवेदकों की उपस्थिति में खोला जाएगा।
आवंटन की मुख्य शर्तें और प्रक्रिया
कियोस्क का आवंटन 3 वर्ष की लीज अवधि के लिए किया जाएगा। इसका मासिक किराया 18 हजार रुपये निर्धारित है। अमानत राशि के 5400 रुपए का डिमान्ड ड्राफ्ट भी जमा कराना होगा। आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास संबंधित विभागों से आवश्यक वैधानिक अनुमतियां और खाद्य लाइसेंस होना अनिवार्य है। आवंटन प्रक्रिया में राजस्थान के मूल निवासी होने का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
इच्छुक आवेदनकर्ता विस्तृत विवरण और आवेदन प्रपत्र राजस्थान राज्य सार्वजनिक उपापन पोर्टल https://sppp.rajasthan.gov.in से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त वैशाली नगर स्थित अरबन हाट कार्यालय से 500 रुपये नकद शुल्क जमा कराकर भी आवेदन प्रपत्र प्राप्त किए जा सकते हैं।