मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विकास कार्यों, जनसंवाद और जनसेवा से जीता जनता का विश्वास — लगभग ₹149.75 लाख के कार्यों को किया पुष्कर को समर्पित

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विकास कार्यों, जनसंवाद और जनसेवा से जीता जनता का विश्वास — लगभग ₹149.75 लाख के कार्यों को किया पुष्कर को समर्पित
Spread the love

मंत्री सुरेश सिंह रावत ने विकास कार्यों, जनसंवाद और जनसेवा से जीता जनता का विश्वास — लगभग ₹149.75 लाख के कार्यों को किया पुष्कर को समर्पित

पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में विकास, जनसेवा और जनसंवाद का मजबूत संगम देखने को मिल रहा है। राजस्थान सरकार के यशस्वी जल संसाधन मंत्री एवं पुष्कर विधायक सुरेश सिंह रावत ने आज पुष्कर एवं ग्रामीण क्षेत्र में लगभग ₹149.75 लाख के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण, उद्घाटन एवं शुभारंभ कर क्षेत्रवासियों को समर्पित किया। सड़क, खेल, ग्रामीण आधारभूत संरचना एवं गौसंवर्धन से जुड़े इन कार्यों ने क्षेत्र में विकास की नई ऊर्जा का संचार किया है।

इसी क्रम में सुरेश सिंह रावत ने मुख्यमंत्री बजट घोषणा एमएलएनपी 2025-26 के अंतर्गत सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा पुष्कर-तिलोरा रोड सब्जी मंडी (चावंडिया रोड) पर निर्मित ₹40 लाख लागत की सीसी सड़क का लोकार्पण किया। इस सड़क निर्माण से किसानों, व्यापारियों, सब्जी विक्रेताओं एवं आमजन को बड़ी राहत मिलेगी तथा मंडी क्षेत्र की यातायात व्यवस्था अधिक सुगम एवं व्यवस्थित होगी।

इसके साथ ही मंत्री श्री रावत ने सार्वजनिक निर्माण विभाग की डीएमएफटी योजना 2025-26 के अंतर्गत नगर परिषद पुष्कर क्षेत्र में चामुंडा माता मंदिर, खरेखड़ी रोड के पास ₹1 करोड़ की लागत से बनने वाले खेल मैदान की चारदीवारी निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह कार्य क्षेत्र के युवाओं एवं खिलाड़ियों को सुरक्षित एवं बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

इसके पश्चात माननीय मंत्री सुरेश सिंह रावत ग्राम पंचायत भांवता स्थित गिरधर गोपाल गौशाला पहुंचे, जहां विधायक मद से निर्मित ₹9.75 लाख लागत के चार नवनिर्मित गोदामों का उद्घाटन कर उन्हें गौशाला एवं ग्रामीण क्षेत्र को समर्पित किया। मंत्री रावत ने कहा कि ग्रामीण विकास एवं गौसंवर्धन राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल हैं तथा गांवों की आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।

दिनभर विभिन्न कार्यक्रमों में सहभागिता निभाने के दौरान माननीय मंत्री श्री रावत ने स्थानीय नागरिकों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं ग्रामीणों से आत्मीय संवाद भी किया। आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना, सुझाव लेना एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा करना मंत्री श्री रावत की कार्यशैली का विशेष हिस्सा रहा।

सुरेश सिंह रावत ने कहा—

“जनसेवा, विकास और जनसंवाद ही मेरी राजनीति का मूल उद्देश्य है। किसान की मुस्कान, युवा का विश्वास और आमजन की सुविधा ही विकसित पुष्कर एवं विकसित राजस्थान की असली पहचान बनेगी।”

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान सरकार विकास की प्रत्येक योजना को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सड़क, खेल, कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े इन कार्यों से क्षेत्र में नई ऊर्जा का संचार होगा तथा आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

रावत ने भांवता में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के पश्चात चोरेटी माता यज्ञ में सम्मिलित होकर क्षेत्र की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना भी की।

पुष्कर विधानसभा क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों एवं जनसंवाद से आमजन में नई आशा एवं विश्वास का संचार हुआ है। क्षेत्रवासियों द्वारा माननीय श्री सुरेश सिंह रावत को एक दूरदर्शी, संवेदनशील एवं विकासशील जनप्रतिनिधि के रूप में देखा जा रहा है, जिनके नेतृत्व में पुष्कर विकास एवं जनविश्वास की नई पहचान स्थापित कर रहा है।

जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं ग्रामीणों में कार्यक्रमों को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *