मदन दिलावर ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज विभाग के सभागार से प्रदेश की पांच ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। मंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक सीधा संवाद स्थापित कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण
स्कूल विकास के लिए 5 लाख रुपये की घोषणा, पंचायती राज मंत्री ने किया त्वरित समाधान
—ग्राम पंचायत स्तर तक कायम हुआ सीधा संवाद
—पंचायती राज मंत्री की विशेष वर्चुअल जनसुनवाई में 60 परिवादों की सुनवाई
जयपुर, 18 जून। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को शासन सचिवालय स्थित पंचायती राज विभाग के सभागार से प्रदेश की पांच ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों से वर्चुअल संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। मंत्री ने कहा कि तकनीक के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर तक सीधा संवाद स्थापित कर ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
कोटा जिले की अरनिया कला ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने विद्यालय में इंटरलॉकिंग और खेल मैदान की समस्या रखी। इस पर मंत्री श्री दिलावर ने विधायक कोष से 5 लाख रुपये देने की घोषणा की। साथ ही खेल मैदान को समतल कराने और विद्यालय परिसर में वृक्षारोपण कराने के निर्देश भी दिए। परिवादी ने मंत्री का सभी ग्रामीणों की और से आभार व्यक्त किया।
सिरोही जिले की कृष्णगंज ग्राम पंचायत के कान्तिलाल और नेनु देवी ने वृद्धावस्था पेंशन नहीं मिलने की शिकायत की। जांच में जनाधार अपडेट नहीं होने का मामला सामने आया। मंत्री के निर्देश पर तत्काल जनाधार अपडेट कर वार्षिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी कराई गई। उन्होंने बताया कि अब दोनों लाभार्थियों को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा सरकार के निर्णयानुसार 1450 रुपये प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। दोनों ही परिवादियों ने मंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि उनकी कई महीनों से पेंशन नहीं आ रही थी, लेकिन श्री दिलावर ने दूर बैठे ही हमारी समस्या का समाधान कर दिया।
बांसवाड़ा जिले की आसन ग्राम पंचायत के जीवा पाटिल ने पट्टा आवेदन लंबित होने की समस्या बताई। इस पर मंत्री ने संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को पात्रता के अनुसार 20 जून तक पट्टा जारी करने के निर्देश दिए।
जैसलमेर जिले की रामदेवरा ग्राम पंचायत के नरपत राम मेघवाल एवं लक्ष्मणराम ने जल जीवन मिशन के तहत पेयजल सुविधा नहीं मिलने की शिकायत दर्ज कराई। मंत्री ने पीएचईडी अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करते हुए जल जीवन मिशन 2.0 के तहत नल कनेक्शन जारी करने के निर्देश दिए। इसके लिए परिवादियों ने पंचायती राज मंत्री का आभार व्यक्त किया।
भीलवाड़ा जिले की ओज्याडा ग्राम पंचायत के गोविंद सोनी ने विद्यालय में चारदीवारी नहीं होने और अतिक्रमण की समस्या से अवगत कराया। मंत्री ने तत्काल अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए तथा विद्यालय परिसर के चारों ओर खाई खुदवाकर वृक्षारोपण कराने के लिए अधिकारियों को आदेशित किया।
जनसुनवाई के दौरान कुछ ग्राम पंचायतों से नियमित सफाई नहीं होने की शिकायतें भी सामने आईं। इस पर मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिदिन सफाई एवं कचरा संग्रहण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। मंत्री ने सभी ग्राम पंचायतो में राष्ट्रगान एवं राष्ट्रगीत का वाचन किया जाना सुनिश्चित करने के निर्देश प्रदान किये।
विशेष जनसुनवाई में कृष्णगंज (सिरोही) से 11, अरनिया कला (कोटा) से 18, ओज्याडा (भीलवाड़ा) से 7, रामदेवरा (जैसलमेर) से 13 तथा आसन (बांसवाड़ा) से 11 सहित कुल 60 परिवाद प्राप्त हुए। अनेक मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जनसुनवाई में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी एवं जालौर सिरोही के सांसद लुंबा राम जी चौधरी भी सिरोही के कृष्णगंज ग्राम पंचायत से ऑनलाइन जुड़े।
पंचायती राज विभाग के शासन सचिव एवं आयुक्त डॉ. जोगाराम, संबंधित पंचायत समितियों के खंड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
————