रामसर में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवसस्कूल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
रामसर में उत्साहपूर्वक मनाया गया 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
स्कूल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में हुआ सामूहिक योगाभ्यास, स्वस्थ जीवन का दिया संदेश
रामसर. रियाज अहमद। कस्बे में रविवार को 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस उत्साह एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षकों, चिकित्साकर्मियों, विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक योगाभ्यास कर स्वस्थ एवं निरोग जीवन का संदेश दिया।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने योग, प्राणायाम तथा सूर्य नमस्कार सहित विभिन्न योगासन किए। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवदत्त ने कहा कि नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक रूप से स्वस्थ रहता है। उन्होंने सभी से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपप्रधानाचार्य अशोक कुमार धौलपुरिया ने उपस्थित सभी लोगों को निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के साथ लोकतंत्र के प्रति जागरूक नागरिक होना भी प्रत्येक व्यक्ति का दायित्व है।
इसी क्रम में कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में केंद्र प्रभारी डॉ. अभिषेक बराला के नेतृत्व में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिकित्साकर्मियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक योगाभ्यास करते हुए नियमित योग अपनाने का संकल्प लिया। इस दौरान योग के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों की जानकारी भी दी गई तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।