उदय दिव्यांगजन सम्मिलित समूह के सदस्यों का एक्सपोज़र विजिट आयोजित, सरकारी योजनाओं एवं अधिकारों की मिली विस्तृत जानकारी

उदय दिव्यांगजन सम्मिलित समूह के सदस्यों का एक्सपोज़र विजिट आयोजित, सरकारी योजनाओं एवं अधिकारों की मिली विस्तृत जानकारी
Spread the love

उदय दिव्यांगजन सम्मिलित समूह के सदस्यों का एक्सपोज़र विजिट आयोजित, सरकारी योजनाओं एवं अधिकारों की मिली विस्तृत जानकारी

अजमेर। राजस्थान महिला कल्याण मंडल, चाचियावास द्वारा संचालित समुदाय आधारित पुनर्वास (CBR) कार्यक्रम के अंतर्गत उदय दिव्यांगजन सम्मिलित समूह के चयनित सदस्यों का एक दिवसीय एक्सपोज़र विजिट आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर सेवा समिति के अध्यक्ष श्री सुरेश मेहरा, समाजसेवी ,श्री सुरेश सिंधी लोकपाल एवं श्री करण सिंह पूर्व विकास अधिकारी द्वारा सूचना केंद्र, अजमेर में किया गया।

इस अवसर पर राजस्थान महिला कल्याण मंडल के निदेशक श्री राकेश कुमार कौशिक ने बताया कि संस्था द्वारा अजमेर जिले के विभिन्न ग्रामों एवं ब्लॉकों में लगभग 50 उदय दिव्यांगजन सम्मिलित समूह गठित किए गए हैं। इन समूहों के माध्यम से दिव्यांगजन एवं उनके परिवारों को सरकारी योजनाओं, सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा, आजीविका एवं पुनर्वास सेवाओं से जोड़ने का निरंतर कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि इस एक्सपोज़र विजिट का उद्देश्य समूहों के प्रतिनिधियों को विभिन्न सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध योजनाओं, सुविधाओं एवं अधिकारों की जानकारी सीधे संबंधित विभागीय अधिकारियों से उपलब्ध कराना है, जिससे वे अपने-अपने क्षेत्रों में अन्य दिव्यांगजनों को भी जागरूक कर सकें।

कार्यक्रम के दौरान भगवान महावीर सेवा समिति के अध्यक्ष श्री सुरेश मेहरा ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि दिव्यांगजन समाज की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने घोषणा की कि आगामी माह में दिव्यांगजनों के लिए सहायक उपकरण वितरण शिविर आयोजित किया जाएगा तथा जनसहयोग से लगभग 200 दिव्यांगजनों को रोजगार से जोड़ने की कार्ययोजना पर भी कार्य किया जा रहा है।

इसके पश्चात प्रतिभागियों ने संभागीय आयुक्त कार्यालय का भ्रमण किया, जहाँ संभागीय आयुक्त कार्यालय की रीडर श्रीमती प्रियदर्शना ने कार्यालय की कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कार्यालय में भूमि एवं राजस्व संबंधी विवाद, विभिन्न विभागों से संबंधित अपील प्रकरणों तथा जिला स्तर के महत्वपूर्ण प्रशासनिक मामलों का निस्तारण किया जाता है। साथ ही आमजन एवं दिव्यांगजनों के लिए उपलब्ध प्रशासनिक सेवाओं एवं शिकायत निवारण प्रणाली की भी जानकारी साझा की।

इसके बाद समूह के सदस्यों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग का भ्रमण किया, जहाँ विभाग के श्री जयप्रकाश ने दिव्यांगजन हितार्थ संचालित विभिन्न योजनाओं जैसे दिव्यांग पेंशन, छात्रवृत्ति, स्वरोजगार ऋण, पालनहार योजना, स्कूटी योजना एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की। उन्होंने पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने के संबंध में प्रतिभागियों के प्रश्नों का भी समाधान किया।

दिनभर के ज्ञानवर्धक भ्रमण के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने नारेली जैन तीर्थ में दर्शन किए तथा आपसी संवाद एवं अनुभव साझा करते हुए अत्यंत उत्साह और प्रसन्नता के साथ एक्सपोज़र विजिट का समापन किया।

इस अवसर पर उपस्थित सदस्यों ने कहा कि यह भ्रमण उनके लिए अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहा। इससे उन्हें सरकारी योजनाओं, प्रशासनिक व्यवस्था एवं सामाजिक संस्थाओं की कार्यप्रणाली को निकट से समझने का अवसर मिला, जिससे वे अपने क्षेत्रों में अन्य दिव्यांगजनों को भी जागरूक कर योजनाओं का लाभ दिलाने में सक्रिय भूमिका निभा सकेंगे।

admin - awaz rajasthan ki

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *