सूरजपुरा के बालाजी मंदिर में चोरों का धावा, दानपेटी तोड़ करीब 30 हजार रुपए ले उड़े
सूरजपुरा के बालाजी मंदिर में चोरों का धावा, दानपेटी तोड़ करीब 30 हजार रुपए ले उड़े
चोरी की वारदात से गांव में हड़कंप, पूर्व की मंदिर चोरियों का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में आक्रोश
हंसराज खारोल, कुशायता (पत्रकार) |
कुशायता। ग्राम पंचायत कुशायता मुख्यालय क्षेत्र के गांव सूरजपुरा स्थित बालाजी महाराज मंदिर में बुधवार रात्रि अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोर मंदिर परिसर में रखी दानपेटी को तोड़कर उसमें रखी करीब 30 हजार रुपए की नकदी निकालकर फरार हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बालाजी महाराज मंदिर के पुजारी राम प्रसाद कुमावत बुधवार सुबह मंदिर परिसर पहुंचे तो दानपेटी टूटी हुई मिली। दानपेटी में रखी नकदी गायब थी। पुजारी ने तत्काल चोरी की सूचना ग्रामीणों को दी। मंदिर में चोरी की खबर पूरे सूरजपुरा गांव में फैलते ही हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में महिला-पुरुष ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्रित हो गए।
घटना की सूचना सावर थाना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर सावर थाने के एएसआई किशन जाट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मौका मुआयना कर घटना की जानकारी जुटाई। ग्रामीणों के अनुसार दानपेटी में करीब 30 हजार रुपए की राशि होने का अनुमान बताया जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक सावर थाने में मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली थी।
पहले भी मंदिरों को बना चुके निशाना
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले ग्राम पंचायत कुशायता क्षेत्र के बिसुदनी गांव स्थित बालाजी महाराज मंदिर परिसर तथा बिसुदनी के शक्तावत मोहल्ले में स्थित चारभुजा मंदिर में भी चोर चोरी की वारदात को अंजाम दे चुके हैं। पूर्व में हुई इन चोरी की घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों ने मंदिर चोरी की वारदातों का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों को गिरफ्तार करने तथा क्षेत्र में रात्रि पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।